ब्रेकिंग न्यूज़

द्वाराहाट-चौखुटिया मार्ग पर चलती कार में लगी भीषण आग, देखते ही देखते जलकर खाक हुई निसान मैग्नाइट

अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट-चौखुटिया मार्ग पर ग्राम बैरती स्थित ग्रीन वैली रेस्टोरेंट के समीप शुक्रवार को एक कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि वाहन में सवार सभी लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार वाहन संख्या यूके04एएच-3938 (निसान मैग्नाइट) के स्वामी कपिल आर्या अपने साथियों शुभम और निखिल कोहली के साथ गौचर से हल्द्वानी जा रहे थे। बैरती के पास अचानक कार का क्लच काम करना बंद कर गया। सड़क किनारे वाहन रोककर जांच करने पर इंजन के नीचे से धुआं निकलता दिखाई दिया, जो कुछ ही देर में आग की लपटों में बदल गया।

वाहन सवारों ने तुरंत जरूरी सामान बाहर निकाला। इस दौरान ग्रीन वैली रेस्टोरेंट के संचालक बालम सिंह नेगी ने पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। इसके बाद डायल-112 पर सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही कोतवाली द्वाराहाट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाने का प्रयास किया तथा सुरक्षा के मद्देनजर मार्ग पर यातायात रोककर वाहनों को सुरक्षित दूरी पर खड़ा कराया। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुकी थी।

पुलिस के अनुसार घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण वाहन में तकनीकी खराबी माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें :  न्याय पंचायतवार श्रम विभाग के कैंप लगाकर श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाएंगे : कैबिनेट मंत्री कैड़ा

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.