ब्रेकिंग न्यूज़

जमाखोरी, मिलावट और कालाबाजारी पर सख्त अभियान जारी – मुख्यमंत्री के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रिय

जमाखोरी, मिलावट और कालाबाजारी के विरुद्ध जनपद नैनीताल में सघन अभियान चलाया जा रहा है।

नैनीताल। जमाखोरी, मिलावट, मिसब्रांडिंग और कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जनपद नैनीताल में खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से विभिन्न प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है। अभियान के दौरान विशेष रूप से खाद्यान्न, मिठाई, मेवे तथा दूध-डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता पर निगरानी बढ़ाई गई है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी, मिसब्रांडिंग और निर्धारित मानकों के विपरीत सामग्री के मामलों में कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान को केवल निरीक्षण और नमूने लेने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि प्रत्येक मामले का अंतिम परिणाम तक फॉलो-अप सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिन प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं, उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने के बाद उसकी रिपोर्ट प्राप्त करने और आगे की कार्रवाई करने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट के साथ-साथ मिसब्रांडिंग और मानक के विपरीत सामग्री पाए जाने पर भी खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना है।

इसके अलावा जिले में होल्डिंग, कालाबाजारी और ओवर रेटिंग की शिकायतों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कृत्रिम कमी पैदा कर उन्हें अधिक कीमत पर बेचने या निर्धारित दर से अधिक वसूली करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं सभी उपजिलाधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को बाजारों एवं प्रतिष्ठानों में निरीक्षण बढ़ाने तथा शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।

प्रशासन की इस कार्रवाई से खाद्य पदार्थों के कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों में हड़कंप की स्थिति है। वहीं, आम उपभोक्ताओं को भी मिलावट और ओवररेटिंग से राहत मिलने की उम्मीद है।

प्रशासन ने जनता से की अपील

जिला प्रशासन ने आम जनमानस से अपील की है कि यदि किसी दुकान या प्रतिष्ठान पर खाद्य पदार्थों में मिलावट, नकली अथवा मिसब्रांडेड सामग्री, जमाखोरी, कालाबाजारी या निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की शिकायत सामने आती है तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन या खाद्य सुरक्षा विभाग को दें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि प्राप्त शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों का कहना है कि मिलावट, जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी से डेढ़ माह बाद बरामद हुई लापता किशोरी, इंस्टाग्राम लॉगिन से मिला सुराग; सिनेमा हॉल से पकड़ा गया किशोर
error: Content is protected !!