भीमताल। धारी क्षेत्र के लड़फोड़ा गांव में अवैध पत्थर खनन का मामला एक बार फिर चर्चा में है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि प्रशासन की जानकारी के बावजूद क्षेत्र में धड़ल्ले से पत्थरों का अवैध खनन किया जा रहा है। खनन किए गए पत्थरों का उपयोग भवन निर्माण कार्यों में किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार खननकर्ता विशेष रूप से रात के समय सक्रिय रहते हैं। इससे पहाड़ियों को नुकसान पहुंच रहा है और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रहे खनन से क्षेत्र की प्राकृतिक संरचना प्रभावित हो रही है, जिससे भविष्य में भू-स्खलन जैसी समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि संबंधित विभागों को नियमित रूप से क्षेत्र में सघन अभियान चलाकर अवैध खनन करने वालों पर जुर्माना लगाने और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि इस पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर टीम को मौके पर भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर पहाड़ियों में हो रहे अवैध खनन को रोकने और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।










