हर मतदाता तक पहुँचे लोकतंत्र, सुरक्षा और सुविधा , प्रशासन की प्राथमिकता

अल्मोड़ा। ताकुला ब्लॉक के तहत सोमेश्वर में जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण। प्रथम चरण के मतदान से पूर्व जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने सोमेश्वर क्षेत्र में पहुँचकर मतदान स्थलों की तैयारियों का गहन निरीक्षण किया।

उन्होंने पेयजल, बिजली, शौचालय, बैठने की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था तथा रास्तों की स्थिति का भौतिक परीक्षण किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी मतदाता असुविधा का सामना न करे।

जिलाधिकारी ने महिला कार्मिकों से भी संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना और तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि प्रत्येक मतदाता तक सुरक्षित, निष्पक्ष और व्यवस्थित मतदान का अधिकार पहुँचना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

चौखुटिया में व्यवस्थाओं का लिया जायज़ा

इसके पश्चात जिलाधिकारी चौखुटिया ब्लॉक पहुँचे, जहाँ उन्होंने रवाना की जा रही पोलिंग पार्टियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने निर्देश दिए कि दुर्गम और संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात टीमों को प्राथमिकता से रवाना किया जाए और हर पार्टी को आवश्यक संसाधन समय से उपलब्ध हों।
उन्होंने सभी रिटर्निंग अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि पोलिंग पार्टियाँ समय से मतदान स्थल पर पहुँचे और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। पुलिस अधिकारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए  अराजकता और अनुशासनहीनता को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ताड़ीखेत में व्यवस्थाओं को परखा, सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दिए विशेष निर्देश
ताड़ीखेत विकासखंड में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदान स्थलों की स्थिति के साथ-साथ पोलिंग पार्टियों की तैनाती, खानपान और परिवहन की व्यवस्थाओं का भी जायज़ा लिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूर्णतः शांतिपूर्ण और पारदर्शी होनी चाहिए।
उन्होंने सभी ज़ोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि वे एक-एक पोलिंग पार्टी से निरंतर संपर्क में रहें, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके।

प्रथम चरण में 6 विकास खंडों से कुल 649 पोलिंग पार्टियाँ रवाना की गईं, जिनमें ताकुला (100), धौलादेवी (129), ताड़ीखेत (141), भैंसियाछाना (59), लमगड़ा (117) और चौखुटिया (103) पार्टियाँ शामिल हैं। सभी टीमों को आवश्यक सामग्री और दिशा-निर्देशों के साथ रवाना किया गया।

जिलाधिकारी ने लगातार मार्गों पर वाहनों का चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए और नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए ।

जिलाधिकारी स्वयं संपूर्ण चुनाव संचालन की निगरानी कर रहे हैं और फील्ड में रहकर तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं, ताकि जनपद में निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुगठित चुनाव सुनिश्चित किया जा सके।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  धामी सरकार ने पेश किया ₹7,844 करोड़ का अनुपूरक बजट, कुंभ मेले से
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.