ब्रेकिंग न्यूज़

रामनगर। रामनगर के कोसी बैराज में रविवार को नहाने गए चार दोस्तों की मस्ती उस समय मातम में बदल गई, जब गहरे पानी में जाने से दो युवकों की डूबकर मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार पीरूमदारा हिम्मतपुर निवासी अंकित पुत्र प्रेम सिंह और मयंक पुत्र भरत सिंह अपने दोस्तों आशीष और रंजीत के साथ कोसी बैराज में नहाने गए थे। नहाने के दौरान अंकित और मयंक अचानक गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे।

दोनों युवकों को डूबता देख उनके साथी आशीष और रंजीत उन्हें बचाने के लिए तुरंत पानी में उतरे, लेकिन गहराई और तेज बहाव के कारण उन्हें बाहर नहीं निकाल सके। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

काफी प्रयासों के बाद रेस्क्यू टीम ने दोनों युवकों को पानी से बाहर निकालकर रामनगर के सरकारी चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि गर्मी बढ़ने के साथ बड़ी संख्या में लोग कोसी बैराज और नदी क्षेत्रों में नहाने पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बैराज क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, चेतावनी बोर्ड लगाने और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

यह भी पढ़ें :  होटल में पत्थरबाजी और तोड़फोड़ कर मचाया उत्पात, तीन युवक गिरफ्तार

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.