रामनगर। नैनीताल पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक कार से 27.12 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।

बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि तस्करी में शामिल उसका एक साथी फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में मुख्यमंत्री के “ड्रग फ्री देवभूमि-2025” अभियान को सफल बनाने के लिए जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के निर्देश तथा क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा ढिकुली क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया गया।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध प्रतीत होने पर i20 कार संख्या DL10CS7869 को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 27.12 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने वाहन चालक सागर सिंह रावत पुत्र बलवंत सिंह रावत निवासी नई बस्ती पूछड़ी, रामनगर को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह गांजा सराईखेत क्षेत्र से लेकर आया था और इसे गुलरघट क्षेत्र में एक व्यक्ति को सप्लाई करने जा रहा था। पूछताछ के आधार पर पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है और गांजे की आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के साथ एक अन्य युवक हर्षित कुमार मोटरसाइकिल से चल रहा था, जो गांजे से भरी कार की रेकी और स्कॉर्टिंग कर रहा था। पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही वह मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने उसकी मोटरसाइकिल संख्या UK19B-4781 को कब्जे में ले लिया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

इस मामले में कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 256/2026 के तहत धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  चम्पावत के बनबसा में पहली बार धामी कैबिनेट की बैठक, सीमांत क्षेत्र से लिए जा रहे सरकार के फैसले; बोले सीएम- शासन को जनता के करीब लाना प्राथमिकता

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.