हल्द्वानी। कुमाऊं के सबसे बड़े महाविद्यालय एमबीपीजी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव से कई महीने पहले ही छात्र गुटों के बीच विवाद और मारपीट की घटनाएं लगातार सामने आने लगी हैं। शनिवार को कॉलेज परिसर में छात्रों के दो गुट आमने-सामने आ गए और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान कॉलेज परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

मारपीट की घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ छात्र एक-दूसरे के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान बड़ी संख्या में छात्र मौके पर जुट गए थे। पुलिस ने मामले को शांत कराने के साथ ही कई छात्र नेताओं को हिरासत में लिया है। पुलिस हिरासत में लिए गए छात्रों से पूछताछ कर रही है और मारपीट की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

एमबीपीजी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव को अभी कई महीने का समय बाकी है, लेकिन चुनावी गतिविधियों और छात्र गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर तनातनी का माहौल बनने लगा है। इससे कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

कॉलेज परिसर में आए दिन होने वाले विवादों के कारण छात्र-छात्राओं में भी असुरक्षा की भावना पैदा होने लगी है। छात्रों और अभिभावकों का कहना है कि कॉलेज प्रशासन को परिसर में अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाने चाहिए, ताकि पढ़ाई का माहौल प्रभावित न हो।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वायरल वीडियो के आधार पर भी मारपीट में शामिल छात्रों की पहचान की जा रही है। पुलिस जांच के बाद घटना में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई किए जाने की संभावना है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  मुख्यमंत्री के हल्द्वानी दौरे से पहले व्यापार मंडल में घमासान, महानगर की निर्वाचित टीम ने प्रदेश संगठन से तोड़ा नाता
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.