ब्रेकिंग न्यूज़

देहरादून में शिक्षा निदेशक से मारपीट का आरोप, भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ व समर्थकों पर केस

देहरादून। शनिवार को प्राथमिक शिक्षा निदेशालय में उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ की मौजूदगी में उनके समर्थकों पर प्राथमिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल के साथ मारपीट का आरोप लगा। घटना में निदेशक घायल हो गए। आरोप है कि उन्हें करीब 35 मिनट तक दफ्तर में बंधक बनाकर रखा गया। पुलिस ने विधायक सहित अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

निदेशक द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, दोपहर करीब 12:10 बजे विधायक काऊ अपने समर्थकों के साथ कार्यालय पहुंचे और अंदर से दरवाजा बंद कर दिया। आरोप है कि विधायक और उनके समर्थक एक प्राइमरी स्कूल अस्थल का नाम बदलने का दबाव बना रहे थे, जबकि इस संबंध में प्रस्ताव पहले ही शासन को भेजा जा चुका है। निदेशक का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ गाली-गलौच की गई।

निदेशालय कर्मचारियों ने किसी तरह दरवाजा खुलवाया, लेकिन बाहर निकलते ही भीड़ ने हमला कर दिया। आरोप है कि महिला कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की गई। हंगामे के दौरान कुर्सियां फेंकी गईं और कार्यालय का सामान पलट दिया गया। पुलिस को सूचना मिलने पर विधायक और उनके समर्थक बाहर निकलने लगे, तभी कर्मचारियों ने मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। हालांकि, भीड़ ने ताला तोड़कर बाहर निकल गई।

घायल निदेशक को उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी आंख के पास माथे पर चार टांके लगे। महिला कर्मचारी शाइदा और विमल को भी चोटें आई हैं।

उधर, विधायक उमेश शर्मा काऊ का आरोप है कि निदेशक द्वारा बुलाए गए लोगों ने तोड़फोड़ की और उन पर हमला किया। वहीं, विधायक के सुरक्षाकर्मियों ने भी उनके साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों के खिलाफ अलग से मुकदमा दर्ज कराया है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के आरोपों की पड़ताल की जा रही है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  अहिरावण और रावण वध के साथ श्री सिद्धेश्वर महादेव रामलीला का भव्य समापन, दर्शकों की उमड़ी भीड़
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.