ब्रेकिंग न्यूज़

मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत हल्द्वानी के खेल स्टेडियम में प्रतियोगिताओं का हुआ आग़ाज़

तीन दिवसीय प्रतियोगिता में जिलेभर से पहुंचे प्रतिभागी, चयनित खिलाड़ियों को मिलेगी मासिक छात्रवृत्ति और प्रोत्साहन राशि

रिपोर्टर – नीरज तिवारी

हल्द्वानी। उत्तराखंड सरकार द्वारा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल क्षमता को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित तीन दिवसीय मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना का शुभारंभ सोमवार को हल्द्वानी स्थित खेल मैदान में हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे बालक एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के प्रथम दिवस में एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस और जूडो खेलों की विभिन्न स्किल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चयन के लिए अपनी दावेदारी पेश की।

जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत ने बताया कि प्रतियोगिता में 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के बालक और बालिकाएं अलग-अलग समूहों में हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि नैनीताल जिले के 8 विकास खंडों, 5 नगर पालिकाओं और 1 नगर निगम क्षेत्र से खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया है। प्रतियोगिता में कुल 121 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें 72 बालक और 49 बालिकाएं शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत चयनित एवं विजयी खिलाड़ियों को सरकार की ओर से प्रति माह 2 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त खिलाड़ियों को 10 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता राशि भी दी जाएगी, जिससे वे अपने खेल प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधनों को बेहतर बना सकें।

निर्मला पंत ने बताया कि यह प्रतियोगिता लगातार तीन दिनों तक आयोजित की जाएगी। साथ ही एक अतिरिक्त दिन भी निर्धारित किया गया है, ताकि किसी कारणवश निर्धारित तिथियों में प्रतिभाग नहीं कर पाने वाले खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।

खेल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना का उद्देश्य प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना, खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करना है। प्रतियोगिता के आगामी चरणों में अन्य खेल विधाओं की स्किल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं खेल विभाग के अधिकारियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। अधिकारियों ने प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 12 अगस्त 2026

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.