ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी/चोरगलिया। विकसित भारत-2047 की संकल्पना को लेकर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चोरगलिया में विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान भाषण, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के निर्माण की दिशा में अपने विचार और रचनात्मक प्रतिभा प्रस्तुत की।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य  तनुजा जोशी ने विकसित भारत एवं विकसित उत्तराखंड-2047 की परिकल्पना पर अपने प्रेरणाप्रद विचार रखे। उन्होंने छात्राओं को देश के विकास में युवाओं की भूमिका के बारे में जानकारी देते हुए शिक्षा, अनुशासन, नवाचार और जिम्मेदार नागरिकता को राष्ट्र निर्माण का आधार बताया। उन्होंने छात्राओं से अपने लक्ष्य निर्धारित कर देश और प्रदेश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा गौलापार मंडल अध्यक्ष श्री पान सिंह मेवाड़ी ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी छात्राओं के साथ साझा की। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार के प्रयासों से पूरा नहीं हो सकता, बल्कि इसमें विद्यार्थियों और युवाओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने छात्राओं से सशक्त राज्य और मजबूत देश के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

ग्राम प्रधान  गीता बुधानी ने विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं छात्राओं में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में सहायक होती हैं।

प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने हासिल किए प्रथम स्थान

कार्यक्रम के तहत आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में कक्षा 11 की महक मंडल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में कक्षा 12 की गीतांजलि जोशी ने प्रथम स्थान हासिल किया। भाषण प्रतियोगिता में दीक्षा मेवाड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपने प्रभावशाली वक्तव्य से सभी की वाहवाही बटोरी।

जूनियर वर्ग में कक्षा 8 की अंजलि ने निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। छात्राओं ने विकसित भारत-2047, शिक्षा, पर्यावरण, तकनीक, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम का संचालन  शोभा पंत और  दीप्ति जोशी ने किया। कार्यक्रम में शिक्षक-अभिभावक संघ की अध्यक्ष  गीता देवी, अन्य अभिभावक एवं विद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजयी छात्राओं को गौलापार मंडल अध्यक्ष पान सिंह मेवाड़ी, ग्राम प्रधान गीता बुधानी और प्रधानाचार्या तनुजा जोशी ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

आयोजकों ने छात्राओं को भविष्य में भी इसी तरह रचनात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  मिशन 2027: तुषराड़, टकुरा और जमराड़ी पहुंचे हरीश पनेरू, ग्रामीणों से किया जनसंपर्क

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.