ब्रेकिंग न्यूज़

तीन बार दायित्व संभाल चुके पदाधिकारियों से समन्वय बढ़ाने के निर्देश, सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों से भी की चर्चा; कोर कमेटी की बैठक में बनी चुनावी रणनीति

“2027 के रण के लिए भाजपा ने कसी कमर: नितिन नवीन ने बूथ-शक्ति केंद्र मजबूत करने का दिया मंत्र, कोर कमेटी में बनी चुनावी रणनीति”

हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति के अंतिम सत्र में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रदेश कार्यसमिति के समापन सत्र में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना भाजपा की प्राथमिकता होनी चाहिए। बूथ और शक्ति केंद्रों को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने के साथ ही कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में उन पदाधिकारियों के अनुभव का भी पार्टी के हित में उपयोग करने की बात कही गई, जो पूर्व में तीन बार विभिन्न संगठनात्मक दायित्व संभाल चुके हैं। ऐसे अनुभवी पदाधिकारियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर उनके अनुभव और संगठनात्मक क्षमता का लाभ लेने के निर्देश दिए गए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश के सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों से भी बातचीत की। उन्होंने संगठन के विभिन्न मोर्चों की गतिविधियों की जानकारी लेते हुए उन्हें आगामी चुनाव के मद्देनजर अधिक सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

महेंद्र भट्ट के मुताबिक, बैठक में नए बूथों को मजबूत करने, मौजूदा बूथ समितियों को सक्रिय बनाने तथा शक्ति केंद्रों को और प्रभावी बनाने पर विशेष चर्चा हुई। पार्टी का लक्ष्य है कि संगठन का नेटवर्क प्रत्येक बूथ तक मजबूत हो और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल के साथ चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाया जाए।

प्रदेश कार्यसमिति के समापन के बाद भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में कोर कमेटी की बैठक भी आयोजित की गई। इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर व्यापक रणनीति पर मंथन किया गया। संगठन की तैयारियों, बूथ प्रबंधन, शक्ति केंद्रों की सक्रियता और विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर वरिष्ठ नेताओं के बीच चर्चा हुई।

भाजपा नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी अभी से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में काम करेगी। कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर चुनावी तैयारियों को गति देने की रणनीति पर भी जोर दिया गया।

हल्द्वानी में हुई प्रदेश कार्यसमिति और उसके बाद कोर कमेटी की बैठक को भाजपा की 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों की दिशा में महत्वपूर्ण संगठनात्मक कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें :  देहरादून में धामी सरकार का बड़ा बुलडोजर एक्शन: गौहत्या और ड्रग्स तस्करी के आरोपियों के आधा दर्जन से अधिक मकान ध्वस्त

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.