ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

इसी क्रम में हल्द्वानी स्थित कांग्रेस भवन स्वराज आश्रम में जिला कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने, सदस्यता अभियान में तेजी लाने और जनसंपर्क को व्यापक बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष इन्दर पाल आर्य ने की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए संगठन की मजबूती सबसे अहम है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर कांग्रेस की नीतियों, जनहित के मुद्दों और पार्टी की विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इन्दर पाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। यदि प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रियता से कार्य करेगा तो संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा जनता का विश्वास भी पार्टी के प्रति बढ़ेगा। उन्होंने सदस्यता अभियान को गति देने और नए लोगों को पार्टी से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।

बैठक के दौरान संगठनात्मक विस्तार के तहत जुगल किशोर को धारी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग का ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया। जिलाध्यक्ष इन्दर पाल आर्य ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपते हुए शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में धारी ब्लॉक में संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।

बैठक में जिला कार्यकारिणी के विस्तार, बूथ समितियों के गठन, सदस्यता अभियान की प्रगति और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने संगठन को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के पदाधिकारी, ब्लॉक स्तर के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

बैठक में सभी ने एकजुट होकर आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूत करने और संगठन को जमीनी स्तर तक सक्रिय बनाने का संकल्प दोहराया।

यह भी पढ़ें :  रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले अलर्ट मोड पर नैनीताल पुलिस, बनभूलपुरा में भारी सुरक्षा बल तैनात

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.