बाबा की कृपा से उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
धूप हो या ट्रैफिक का दबाव, ड्यूटी से पीछे नहीं हटे जवान”—लाखों वाहनों के दबाव के बीच नैनीताल पुलिस दिनभर सड़कों पर, शटल सेवा से श्रद्धालुओं को कैंची धाम भेजा
वीकेंड पर कैंची धाम सहित नैनीताल जनपद के धार्मिक व पर्यटन स्थलों पर बढ़ी पर्यटकों-श्रद्धालुओं की संख्या
SSP NAINITAL के निर्देशन में यातायात दबाव संभालने में जुटी नैनीताल पुलिस, श्रद्धालुओं हेतु लगातार शटल सेवा की व्यवस्था
वीकेंड पर नैनीताल के पर्यटन स्थलों पर बढ़ा यातायात दबाव, कैंची धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
नैनीताल। वीकेंड के चलते नैनीताल जनपद के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर पर्यटकों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कैंची धाम, नैनीताल, भीमताल और मुक्तेश्वर की ओर बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने से विभिन्न मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। इसे देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों और पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।
SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में पुलिस सुबह से ही यातायात व्यवस्था संभालने में जुटी है। संबंधित थाना, चौकी, CPU और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी प्रमुख स्थानों पर तैनात रहकर यातायात को व्यवस्थित कर रहे हैं। पुलिसकर्मियों द्वारा जगह-जगह वाहनों का संचालन नियंत्रित करने के साथ ही पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़, शटल सेवा से कराए जा रहे दर्शन
वीकेंड के चलते श्री कैंची धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु नीम करोली बाबा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने यहां यातायात डायवर्जन व्यवस्था लागू की है। साथ ही भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराया जा रहा है।
श्रद्धालुओं को निर्धारित स्थान से शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम भेजा जा रहा है, जिससे मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव कम करने और श्रद्धालुओं को सुगम एवं व्यवस्थित दर्शन कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिसकर्मी लगातार भीड़ और यातायात की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
नैनीताल, भीमताल और मुक्तेश्वर में भी पुलिस मुस्तैद
कैंची धाम के साथ-साथ नैनीताल, भीमताल और मुक्तेश्वर की ओर भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से यातायात का दबाव बना हुआ है। पुलिस द्वारा प्रमुख चौराहों, पर्यटन स्थलों और संवेदनशील यातायात प्वाइंटों पर तैनाती कर वाहनों को नियंत्रित किया जा रहा है। पुलिस का प्रयास है कि वीकेंड के दौरान पर्यटकों को अनावश्यक जाम का सामना न करना पड़े और यातायात व्यवस्था सुरक्षित एवं सुचारु बनी रहे।
पुलिस द्वारा वाहन चालकों से अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचने, धैर्य बनाए रखने और यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।
नैनीताल पुलिस की पर्यटकों और श्रद्धालुओं से अपील
नैनीताल पुलिस ने पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि—
निर्धारित कतार में ही चलें और कतार बदलकर दूसरी लाइन में जाने का प्रयास न करें।
वाहन चलाते समय अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचें।
यातायात का दबाव होने पर धैर्य बनाए रखें और जल्दबाजी में लेन न बदलें।
पुलिस एवं यातायात कर्मियों द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें।
सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन रोककर यातायात बाधित न करें।
वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें।
सड़क किनारे अथवा प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन पार्क न करें।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
नैनीताल पुलिस ने कहा कि पर्यटकों और श्रद्धालुओं का सहयोग ही हजारों यात्रियों की राह को आसान और सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।





































