ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। जिलाधिकारी वंदना सिंह ने पार्किंग की व्यवस्था होने के बावजूद स्कूली वाहनों सड़कों पर खड़े करने पर सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने ऐसे स्कूलों को चिह्नित कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

सोमवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली। उन्होंने दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने को परिवहन और पुलिस विभाग को समय-समय पर ओवर लोडिंग, नशे में वाहन चलाने वाले वाहन चालकों व ओवरस्पीड करने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि हल्द्वानी और नैनीताल में परिवहन विभाग ने नो पार्किंग जोन चिह्नित किए हैं। उन सभी नो पार्किंग जोन में दो दिन के अंदर साइन बोर्ड लगाए जाएं। साथ ही पुलिस व परिवहन विभाग नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ चालान कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को तैनात प्रवर्तन टीम की कार्रवाई पर नाराजगी व्यक्त की। साथ ही सहायक परिवहन अधिकारी रामनगर को क्षेत्र में नो पार्किंग जोन चिह्नित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यदि नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े होने के कारण जाम लगता है तो परिवहन और पुलिस कर्मचारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय करें।

जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी नैनीताल और हल्द्वानी को सड़कों के चौड़ीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। नैनीताल में तल्लीताल चौराहे पर पुलिस चौकी और अन्य बिजली पोल व पानी की लाइन शिफ्टिंग का कार्य तत्काल पूरा किया जाए।

बैठक में एएसपी हरबंस सिंह, सम्भागीय परिवहन अधिकारी नन्द किशोर, अधिशासी अभियंता लोनिवि अशोक चौधरी, रत्नेश समेत सड़क सुरक्षा समिति के अधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी भीमताल में गणेश चतुर्थी समारोह का गणपति विसर्जन के साथ समापन

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.