सड़क सुरक्षा की पहल: RTO हल्द्वानी में लगा फ्री हेल्थ कैंप, वाहन चालकों का हुआ ‘फुल बॉडी’ चेकअप

आरटीओ परिसर में आयोजित शिविर में सैकड़ों चालकों ने कराया हेल्थ चेकअप, डॉक्टरों ने पौष्टिक खान-पान और सही पोस्चर की दी सलाह

हल्द्वानी। सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सम्भागीय परिवहन कार्यालय (RTO) हल्द्वानी परिसर में वाहन चालकों के लिए एक दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में शहर और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों वाणिज्यिक एवं निजी वाहन चालकों ने अपने स्वास्थ्य की मुफ्त जांच कराई।

यह आयोजन RTO हल्द्वानी के तत्वावधान में पीएसपी मल्टी सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल के सौजन्य से किया गया। शिविर में अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने वाहन चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक परामर्श दिया।

लगातार ड्राइविंग से स्वास्थ्य पर पड़ता है असर

शिविर के दौरान चिकित्सकों ने चालकों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ ही उन्हें लंबे समय तक वाहन चलाने के दौरान होने वाली स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के प्रति जागरूक किया। विशेषज्ञों ने कहा कि लगातार कई घंटे वाहन चलाने, पर्याप्त आराम नहीं लेने और खान-पान पर ध्यान नहीं देने से चालक की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है। इसका सीधा असर सड़क सुरक्षा पर भी पड़ता है।

आरटीओ एनफोर्समेंट अरविंद पांडे ने बताया कि वाहन चालक लगातार कई घंटे सड़क पर रहते हैं और इस दौरान अक्सर अपनी सेहत को नजरअंदाज कर देते हैं। चालक का स्वस्थ और सतर्क रहना सुरक्षित यातायात के लिए बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से चालकों को शिविर के बारे में पहले से जानकारी देकर स्वास्थ्य परीक्षण के लिए प्रेरित किया गया था।

सेहतमंद चालक, सुरक्षित सफर का संदेश

चिकित्सकों ने चालकों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने, पर्याप्त नींद और आराम करने तथा वाहन चलाते समय सही पोस्चर अपनाने की सलाह दी। साथ ही लंबे समय तक ड्राइविंग के दौरान बीच-बीच में आवश्यक ब्रेक लेने और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए भी जागरूक किया गया।

आरटीओ परिसर में आयोजित इस शिविर का मुख्य संदेश “सेहतमंद चालक, सुरक्षित सफर” रहा। परिवहन विभाग का मानना है कि सड़क सुरक्षा के लिए केवल यातायात नियमों का पालन ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि वाहन चालकों का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना भी उतना ही आवश्यक है।

शिविर में बड़ी संख्या में चालकों की भागीदारी को देखते हुए परिवहन विभाग और अस्पताल प्रबंधन ने भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी: रानीबाग-ज्योलिकोट एनएच बदहाल, गड्ढों से नाराज स्थानीय लोगों ने किया प्रदर्शन, एनएच कार्यालय में तालाबंदी
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.