ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। सड़क हादसे में बी-कॉम अंतिम वर्ष की छात्रा की मौत के बाद पुलिस कार्रवाई में देरी से नाराज परिजनों ने गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर मंडी चौकी पहुंचकर जमकर हंगामा किया।

परिजनों ने चौकी के सामने शव रखकर हाईवे जाम कर दिया और हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। अचानक हाईवे जाम होने से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र ने मामले में शीघ्र और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए। बाद में शव को राजपुरा घाट ले जाया गया, जहां गमगीन माहौल में छात्रा का अंतिम संस्कार किया गया।
पढ़ाई के साथ ब्यूटीशियन का कोर्स कर रही थी मीनाक्षी
जानकारी के अनुसार तीनपानी डी-क्लास निवासी संतोष कुमार की 22 वर्षीय बेटी मीनाक्षी साहू बी-कॉम अंतिम वर्ष की छात्रा थी। पढ़ाई के साथ वह मंगलपड़ाव स्थित एक पार्लर में ब्यूटीशियन का कोर्स भी कर रही थी। बताया गया कि बुधवार शाम वह रोज की तरह पार्लर से काम खत्म करने के बाद ऑटो रिक्शा से अपने घर लौट रही थी। उसे क्या पता था कि रास्ते में हुआ एक हादसा उसकी जिंदगी छीन लेगा।
नागपाल टावर के पास हुआ दर्दनाक हादसा
बताया गया कि मीनाक्षी जिस ऑटो में सवार थी, वह नागपाल टावर के पास पहुंचा ही था कि पीछे से तेज रफ्तार कार ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में सवार मीनाक्षी उछलकर सड़क पर जा गिरी। इसी दौरान पीछे से आ रहा एक अन्य ऑटो उसके ऊपर चढ़ गया।
हादसे में मीनाक्षी गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।
कार्रवाई न होने का आरोप, पोस्टमार्टम के बाद भड़के परिजन
मृतका के परिजनों का आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद पुलिस को घटना की जानकारी दे दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद आरोपितों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। गुरुवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब परिजनों को कार्रवाई की स्थिति का पता चला तो उनका आक्रोश फूट पड़ा।
परिजन मीनाक्षी का शव लेकर सीधे मंडी चौकी पहुंच गए। उन्होंने चौकी के सामने शव रख दिया और पुलिस से हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। देखते ही देखते हाईवे पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
एसपी क्राइम समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे
हाईवे जाम और परिजनों के हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ सिटी अमित कुमार सैनी, कोतवाल विजय कुमार मेहता समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया।
एसपी क्राइम ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि हादसे के मामले में शीघ्र जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजनों ने जाम समाप्त कर दिया और शव को अंतिम संस्कार के लिए राजपुरा घाट ले गए।
अंतिम विदाई में छलके आंसू
राजपुरा घाट पर मीनाक्षी का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिवार और परिचितों का रो-रोकर बुरा हाल था। पढ़ाई के साथ अपना भविष्य संवारने में जुटी 22 वर्षीय मीनाक्षी की अचानक मौत से परिवार सदमे में है।

परिजनों ने हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई और हादसे की परिस्थितियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

यह भी पढ़ें :  देवीधुरा में ऐतिहासिक बगवाल मेले का आगाज, 28 अगस्त को होगा पत्थरों का पारंपरिक युद्ध
error: Content is protected !!