हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव 2026-27 में अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी आर्यन बेलवाल ने शानदार जीत दर्ज की।
आर्यन ने मतगणना के पहले राउंड से लेकर अंतिम राउंड तक अपनी बढ़त बनाए रखी और अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी NSUI के मेहुल शाह को करीब 500 वोटों के अंतर से पराजित किया। अध्यक्ष पद की दौड़ में ABVP के धीरज बिष्ट तीसरे स्थान पर रहे।
चुनाव परिणाम सामने आने के बाद कॉलेज परिसर में आर्यन बेलवाल के समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। पूरे दिन चली मतदान और मतगणना प्रक्रिया के बाद देर रात परिणाम घोषित किए गए।
सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक हुआ मतदान
एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक कराया गया। इसके बाद शाम 4 बजे से मतगणना शुरू हुई, जो देर रात तक जारी रही और रात 12 बजे के बाद परिणामों की तस्वीर पूरी तरह साफ हुई।
कॉलेज में चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी रही, जबकि कॉलेज परिसर में जीरो जोन भी बनाया गया था। मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने पर रोक रही।
12,800 छात्र-छात्राओं का था नामांकन
एमबीपीजी कॉलेज में कुल 12,800 छात्र-छात्राएं पंजीकृत बताए गए हैं। इनमें छात्राओं की संख्या 7,633, जबकि छात्रों की संख्या 5,167 है। छात्राओं की संख्या अधिक होने के कारण उनके लिए अलग से अधिक मतदान बूथ बनाए गए थे।
चुनाव के लिए कुल 18 बूथ बनाए गए थे। इनमें 10 बूथ छात्राओं और 8 बूथ छात्रों के लिए निर्धारित किए गए थे।
11 पदों के लिए 74 नामांकन वैध
छात्रसंघ चुनाव में कुल 11 पदों के लिए 74 प्रत्याशियों के नामांकन वैध पाए गए थे। वहीं संयुक्त सचिव छात्रा और सांस्कृतिक सचिव पद पर केवल एक-एक प्रत्याशी का नामांकन होने के कारण इन पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
अध्यक्ष पद पर निर्दलीय आर्यन बेलवाल, NSUI के मेहुल शाह और ABVP के धीरज बिष्ट के बीच मुख्य मुकाबला रहा। मतगणना के दौरान आर्यन ने लगातार बढ़त बनाए रखी और अंतिम परिणाम में जीत अपने नाम की।
पार्किंग के लिए एमबी मैदान में व्यवस्था
मतदान के दौरान कॉलेज परिसर में भीड़ और वाहनों की व्यवस्था को देखते हुए एमबी मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा और निगरानी के लिए प्रशासन एवं पुलिस की ओर से भी पर्याप्त इंतजाम किए गए थे।
एमबीपीजी कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में निर्दलीय आर्यन बेलवाल की यह जीत खास रही, क्योंकि उन्होंने पूरे चुनाव के दौरान अपनी बढ़त कायम रखते हुए अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।





































