हल्द्वानी। शहर के रिहायशी इलाकों में संचालित कबाड़ की दुकानों को लेकर नगर निगम ने अब सख्त रुख अपनाने का फैसला लिया है। नगर निगम की बोर्ड बैठक में आबादी वाले क्षेत्रों में चल रही कबाड़ की दुकानों को शहर से बाहर करने का प्रस्ताव पारित किया गया है। इसके बाद निगम अधिकारियों ने ऐसे प्रतिष्ठानों को चिन्हित करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम का कहना है कि आबादी वाले क्षेत्रों में कबाड़ का कारोबार संचालित होने से कई तरह की समस्याएं सामने आती हैं। कबाड़ के ढेर के कारण जहां गंदगी और अव्यवस्था की स्थिति बनती है, वहीं आग लगने जैसी घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। इसके अलावा रिहायशी इलाकों में कबाड़ के सामान का भंडारण होने से स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
नई कबाड़ की दुकानों को नहीं मिलेगी अनुमति
मुख्य नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने स्पष्ट किया है कि नगर निगम क्षेत्र के आबादी वाले इलाकों में अब नई कबाड़ की दुकानों को अनुमति नहीं दी जाएगी। निगम की ओर से भविष्य में लाइसेंस या अनुमति देने के दौरान इस व्यवस्था का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
वहीं, शहर के रिहायशी इलाकों में पहले से संचालित कबाड़ की दुकानों को भी चिन्हित किया जाएगा। इन दुकानदारों को आबादी क्षेत्र से बाहर जाकर कारोबार संचालित करने के निर्देश दिए जाएंगे। निगम की योजना ऐसे कारोबार के लिए आबादी से बाहर उपयुक्त स्थानों को प्राथमिकता देने की है, ताकि कबाड़ का कारोबार भी चलता रहे और रिहायशी क्षेत्रों में लोगों को परेशानी न हो।
निर्देश नहीं माने तो होगी कार्रवाई
नगर निगम ने साफ किया है कि दुकानदारों को निर्धारित निर्देशों का पालन करना होगा। यदि कोई दुकानदार आबादी क्षेत्र में कबाड़ का कारोबार जारी रखता है या निगम के निर्देशों की अनदेखी करता है तो उसके खिलाफ अर्थदंड की कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
जल्द शुरू होगा चिन्हीकरण अभियान
बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित होने के बाद अब निगम अधिकारी आबादी वाले इलाकों में संचालित कबाड़ की दुकानों का सर्वे और चिन्हीकरण करेंगे। इसके आधार पर संबंधित दुकानदारों को नोटिस अथवा आवश्यक निर्देश जारी किए जा सकते हैं। माना जा रहा है कि चिन्हीकरण पूरा होने के बाद नगर निगम की ओर से रिहायशी क्षेत्रों में संचालित कबाड़ की दुकानों पर कार्रवाई का अभियान शुरू किया जाएगा।
नगर निगम के इस फैसले से हल्द्वानी के रिहायशी इलाकों में लंबे समय से संचालित कबाड़ की दुकानों पर कार्रवाई की संभावना बढ़ गई है। निगम का उद्देश्य शहर में स्वच्छता, सुरक्षा और व्यवस्थित व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देना बताया जा रहा है।










