सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करना पड़ा भारी, लालकुआं पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार

सामाजिक एवं सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर पुलिस की पैनी नजर, आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

लालकुआं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक एवं समाज में वैमनस्य फैलाने वाली पोस्ट करना एक युवक को भारी पड़ गया। थाना लालकुआं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने के आरोप में दीपक भारती निवासी गोला गेट, लालकुआं को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया के माध्यम से सामाजिक एवं सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व दीपक भारती द्वारा अपनी फेसबुक आईडी से हिन्दू समाज के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट की गई थी। उक्त पोस्ट को हटाने के लिए हल्दूचौड़ निवासी एक व्यक्ति ने दीपक भारती से कहा। आरोप है कि इसके बाद दीपक भारती ने उक्त व्यक्ति के विरुद्ध भी सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित कर दी। हालांकि बाद में उस पोस्ट को हटा दिया गया।

मामला सामने आने के बाद विभिन्न हिन्दू संगठनों की ओर से थाना लालकुआं में ज्ञापन एवं शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई। शिकायत का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू की और सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।

SSP नैनीताल के निर्देश पर कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी लालकुआं एवं प्रभारी निरीक्षक लालकुआं के निर्देशन में पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की। जांच के बाद 27 अगस्त 2026 को चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ अर्जुन गिरी और कांस्टेबल कुबेर राणा की पुलिस टीम ने आरोपी दीपक भारती को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध समाज में वैमनस्य फैलाने के आशय से आपत्तिजनक पोस्ट कर न्यूसेन्स उत्पन्न करने के संबंध में धारा 172(2) भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

सोशल मीडिया पर पुलिस की लगातार नजर

नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से समाज में भ्रम, वैमनस्य अथवा अशांति फैलाने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की लगातार निगरानी की जा रही है और आपत्तिजनक सामग्री सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

SSP नैनीताल का संदेश है कि सामाजिक एवं सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने अथवा समाज में अशांति पैदा करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या समाज में तनाव पैदा करने वाली सामग्री को साझा या प्रसारित न करें तथा ऐसी सामग्री सामने आने पर इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  Breaking news : नैनीताल-हल्द्वानी हाईवे पर पटाखों से भरे ट्रक में लगी आग, सड़क पर गूंजे धमाके; चालक ने कूदकर बचाई जान

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.