कार के पेड़ से टकराने से एमबीए के छात्र की मौत,पुलिस ने घायल तीनों छात्रों को अस्पताल पहुंचाया 

देहरादून-पांवटा हाईवे पर रामपुर स्थित बड़ी मस्जिद के पास कार के पेड़ से टकराने से जय भगवान इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी (जेबीआइटी) सहसपुर के एमबीए के छात्र सत्यम कुमार की मौत हो गई।

बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी 22 वर्षीय सत्यम अपने दो दोस्तों के साथ रविवार तड़के सेलाकुई से लौट रहा था। दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

हादसा तड़के करीब ढाई बजे हुआ। कार में सत्यम कुमार उर्फ हर्षराज पुत्र पंकज कुमार दुबे के अलावा विनीत गुप्ता निवासी बिहार और सौरभ सिंह निवासी प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) भी थे। तीनों एक दोस्त से कार मांगकर ले गए थे। कार सौरभ चला रहा था।

पुलिस घायल तीनों छात्रों को सीएचसी सहसपुर ले गई, जहां उपचार के दौरान सत्यम की मौत हो गई। एसएसआइ विकास रावत के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

मृतक सत्यम एमबीए सेकेंड ईयर का छात्र था और दोनों दोस्तों के साथ किराये के कमरे में रहता था। घायल सौरभ का इलाज ग्राफिक एरा अस्पताल और विनीत का उपचार दून अस्पताल में चल रहा है।

तीन महीने में सड़क हादसों में नौ की मौत

जेबीआइटी इंजीनियरिंग कालेज सहसपुर के छात्र सत्यम कुमार की मौत ने सड़क हादसों में जान गंवाने वालों की एक और संख्या में बढ़ोत्तरी कर दी है। दरअसल सड़क हादसों का ग्राफ बढ़ रहा है। तीन महीने में ही सड़क हादसों में नौ लोगों की मौत हो गई है।

सात सितंबर को दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर विकासनगर व हरबर्टपुर के बीच सड़क हादसे में तीन युवकों वेदांश, धोनी कश्यप, रमनदीप की मौत हो गई थी। इसके बाद 21 सितंबर को जीवनगढ़ में रोडवेज बस की टक्कर से लोडर चालक सारुन निवासी मुस्लिम बस्ती विकासनगर ने जान गंवा दी थी। इसके ठीक तीन दिन बाद 24 सितंबर को एक और हादसा हो गया, जब सेलाकुई में मैजिक की टक्कर से स्कूटी सवार युवक वैभव तिवारी की मौत हो गई।

चार अक्टूबर को फोरलेन पर मटक माजरी के पास चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट की बस की टक्कर से कुल्हाल विकासनगर निवासी यासीन की जान गई।

इसके ठीक पांच दिन बाद नौ अक्टूबर को माजरी में फोरलेन पर कार की चपेट में आकर पांच साल की रीना की जान चली गई। 29 अक्टूबर को भाऊवाला चौक पर बस की टक्कर से बाइक सवार राजावाला निवासी सत्तो देवी ने दम तोड़ दिया।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 17 अक्टूबर 2026
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.