भवाली। कैंची धाम दर्शन के लिए जा रही एक कार रविवार सुबह भवाली-कैंची धाम मार्ग पर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

आसपास से गुजर रहे लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार सवार दोनों युवकों को खाई से बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में दोनों युवक सुरक्षित रहे और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, हरियाणा नंबर की बलेनो कार संख्या एचआर-08-डब्ल्यू-5045 रविवार सुबह भवाली से कैंची धाम की ओर जा रही थी। भवाली चौकी से करीब दो किलोमीटर आगे पहुंचते ही वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। देखते ही देखते कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।

कार के खाई में गिरने की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए। लोगों ने कार में सवार दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।

कार में अमित (24) पुत्र महिपाल निवासी हसनपुर, गुड़गांव और सौरभ (28) पुत्र रमेश शर्मा निवासी रोहतक, हरियाणा सवार थे। दोनों कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे में दोनों को किसी तरह की चोट नहीं आई।

पर्वतीय क्षेत्र में इन दिनों लगातार बारिश के कारण सड़कें फिसलन भरी बनी हुई हैं। ऐसे में वाहन अनियंत्रित होने की आशंका बढ़ जाती है। रविवार सुबह हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है। विशेषकर बारिश के दौरान वाहन चालकों से धीमी गति से वाहन चलाने और मोड़ों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  कुमाऊं विश्वविद्यालय में चार दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का समापन, वैज्ञानिक उपकरणों की दी गई व्यावहारिक जानकारी
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.