नैनीताल। नैनीताल-भवाली मार्ग पर जोखिया के पास सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे खाई से एक मजदूर का शव बरामद हुआ। मृतक पिछले तीन दिनों से लापता था और उसके साथी लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।

शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने खाई में रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को बाहर निकाला। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नेपाल कमला बाजार निवासी टेक बहादुर के रूप में हुई है। वह नैनीताल-भवाली मार्ग क्षेत्र में मजदूरी का काम करता था। बताया गया कि टेक बहादुर पिछले तीन दिनों से अचानक लापता था। उसके साथ काम करने वाले साथी आसपास के क्षेत्रों में उसकी लगातार तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।

सोमवार को उसके साथियों को सड़क किनारे खाई के पास टेक बहादुर की चप्पल और मोबाइल फोन दिखाई दिए। इससे उन्हें अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ को भी बुलाया गया।

पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने खाई में उतरकर आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद टीम को खाई में टेक बहादुर का शव दिखाई दिया। इसके बाद रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को खाई से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एएसआई लाल सिंह बिष्ट ने बताया कि मृतक की पहचान टेक बहादुर के रूप में हुई है। वह क्षेत्र में मजदूरी करता था और तीन दिन से लापता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि टेक बहादुर खाई में किन परिस्थितियों में गिरा।

रेस्क्यू अभियान के दौरान एसआई मनीष भाकुनी, लाल सिंह, सुरेंद्र कुमार, नितेश खेतवाल, भूपेंद्र कन्याल, रोहित कुमार, रविंद्र रावत, प्रभारी कोतवाल विमल मिश्रा, राकेश बोरा समेत पुलिस और एसडीआरएफ के अन्य जवान मौजूद रहे।

फिलहाल घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  शोधार्थियों के लिए बौद्धिक संपदा अधिकारों की जानकारी जरूरी, शोध और आर्थिक उन्नति को मिलता है बढ़ावा: प्रो. ललित तिवारी
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.