फोन नहीं उठने पर परिजनों ने पड़ोसियों से कराया संपर्क, दरवाजा खोलने पर अचेत अवस्था में पड़ा मिला युवक; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

अल्मोड़ा। नगर के मकेड़ी क्षेत्र में किराए के कमरे में रह रहे 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। युवक का शव रविवार सुबह उसके कमरे के अंदर बेड के नीचे अचेत अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही धारानौला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है।

मृतक की पहचान हल्द्वानी के जसुवा कटघरिया निवासी विनीत सिराड़ी (30) पुत्र वीरेंद्र सिराड़ी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विनीत अल्मोड़ा के मकेड़ी क्षेत्र में किराए का कमरा लेकर रह रहा था और यहीं काम करता था।

जानकारी के अनुसार रविवार को विनीत अपने कमरे में मौजूद था। काफी देर तक उसका मोबाइल फोन नहीं उठने पर परिजन चिंतित हो गए। परिजनों ने आसपास रहने वाले लोगों से संपर्क कर विनीत के बारे में जानकारी लेने और उसके कमरे पर जाकर देखने को कहा। पड़ोसियों ने जब कमरे का दरवाजा देखा तो वह अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने के बाद धारानौला चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया तो विनीत बेड के नीचे अचेत अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस ने उसकी जांच की तो उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।

पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है। युवक की अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। कमरे की परिस्थितियों और युवक की मौत से जुड़े अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है।

पुलिस के अनुसार मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि युवक की मौत बीमारी, किसी हादसे या किसी अन्य परिस्थिति के कारण हुई। फिलहाल पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  पहाड़ी लोकभाषा और बॉलीवुड बीट्स का अनोखा संगम, ‘ब्योली नाचली’ लेकर आईं श्वेता मेहरा और स्वाति भट्ट
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.