हल्द्वानी डकैती कांड का बड़ा खुलासा, दो नकाबपोश आरोपी गिरफ्तार

हथियारों के बल पर 8 लाख रुपये, मोबाइल और सोने की चेन लूटने का आरोप; पिस्टल-तमंचे, 8 जिंदा कारतूस और 66 हजार रुपये बरामद

हल्द्वानी। गोरापड़ाव में हथियारबंद बदमाशों द्वारा की गई लाखों रुपये की डकैती के मामले में नैनीताल पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में गठित करीब 50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम ने घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 66 हजार रुपये की नकदी, एक तमंचा और 8 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

19 अगस्त को हुई थी सनसनीखेज डकैती

पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 की शाम डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के गोरापड़ाव में 10 से 12 हथियारबंद लोगों ने लूटपाट की है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया और हल्द्वानी कोतवाली से पुलिस बल को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

मामले में वादी नारायण दास पुत्र रोशन लाल, निवासी अंबा बिहार, तीनपानी, हल्द्वानी ने पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि KIA शोरूम के पीछे स्थित उनके कार्यालय/गैराज में करीब 10 अज्ञात हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर डकैती की।

तहरीर के मुताबिक बदमाश करीब 8 लाख रुपये नकद, 12 मोबाइल फोन तथा तीन सोने की चेन और अंगूठी आदि लूटकर फरार हो गए। मामले में हल्द्वानी कोतवाली में एफआईआर संख्या 284/2026, धारा 310(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता को सौंपी गई।

एसएसपी ने गठित की 50 सदस्यीय विशेष टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और आरोपियों की गिरफ्तारी तथा घटना के शीघ्र अनावरण के लिए करीब 50 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की।

टीम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद समेत विभिन्न थाना प्रभारी, SOG, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, BDS डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञ शामिल रहे।

एसएसपी ने स्वयं घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की मदद से संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया।

CCTV और सर्विलांस से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस को दो संदिग्धों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले। पुलिस ने वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू, उम्र 25 वर्ष, निवासी विथा अकबर, सितारगंज, ऊधमसिंह नगर और रखवीर सिंह, उम्र 28 वर्ष, निवासी ईश्वरपुर, थाना शीशगढ़, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने डकैती की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

जुए में हारी रकम की भरपाई के लिए बनाई थी योजना

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी किच्छा निवासी यश सिडाना के संपर्क में थे। पुलिस के मुताबिक यश सिडाना लाखों रुपये का जुआ हार चुका था और आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। उसकी मां की तबीयत भी खराब बताई गई।

पुलिस के अनुसार यश सिडाना ने आरोपियों को बताया कि हल्द्वानी के गोरापड़ाव क्षेत्र में बड़े स्तर पर लाखों रुपये का जुआ खेला जाता है। इसके बाद आरोपियों ने मिलकर डकैती की योजना बनाई। तय हुआ कि डकैती से मिलने वाली रकम से यश द्वारा जुए में हारी गई रकम की भरपाई की जाएगी और बची हुई रकम को आपस में बांट लिया जाएगा।

पहले की घटनास्थल की रेकी, फिर नकाब पहनकर वारदात

पुलिस के मुताबिक योजना के तहत आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को भी इसमें शामिल किया और वारदात से पहले घटनास्थल की रेकी की। इसके बाद हथियारों से लैस नकाबपोश बदमाश वादी के कार्यालय/गैराज में पहुंचे और हथियारों के बल पर मौजूद लोगों को धमकाकर नकदी, सोने के आभूषण और मोबाइल फोन लूट लिए।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और लूटी गई रकम को आपस में बांट लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने लूटे गए मोबाइल फोन रास्ते में ही फेंक दिए, ताकि पुलिस को डिजिटल फुटप्रिंट न मिल सके।

आरोपियों से नकदी और हथियार बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 66 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू से 31 हजार रुपये और 4 जिंदा कारतूस बरामद।

रखवीर सिंह से 35 हजार रुपये, एक 315 बोर का तमंचा और 4 जिंदा कारतूस बरामद।

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 61(2) और 317(3) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार अपराध संगठित तरीके से किए जाने के तथ्य सामने आने पर बीएनएस के प्रावधानों के तहत आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

एक आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रखवीर सिंह का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ थाना केलाखेड़ा, दिनेशपुर, रुद्रपुर और नानकमत्ता में विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं।

वहीं दूसरे आरोपी वंशप्रीत सिंह का आपराधिक इतिहास भी पुलिस द्वारा खंगाला जा रहा है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार वारदात में करीब 10 हथियारबंद लोगों के शामिल होने की बात सामने आई थी। ऐसे में पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उनके अन्य साथियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। पुलिस टीम CCTV फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे गिरोह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

पुलिस टीम को 2500 रुपये का इनाम

डकैती की घटना का शीघ्र अनावरण करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने 2500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया।

पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी तथा लूटी गई शेष संपत्ति की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  कालाढूंगी : बैलपड़ाव में आंधी-तूफान से फसलों को नुकसान, मुआवजे की मांग

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.