रुद्रपुर। शहर के रविंद्र नगर क्षेत्र में दूध बांटने को लेकर बुधवार को उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब स्थानीय लोगों ने एक दूध विक्रेता पर दूध के बर्तन में थूकने का आरोप लगाया। घटना से संबंधित CCTV फुटेज सामने आने के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई और मौके पर हंगामा होने लगा। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संबंधित व्यक्ति को अपने साथ ले गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला वार्ड नंबर 35 का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार को एक व्यक्ति बाइक से दूध बांटने के लिए रविंद्र नगर क्षेत्र में पहुंचा था। उसने अपनी बाइक एक स्थान पर खड़ी की और छोटे डोल के माध्यम से आसपास के घरों में दूध पहुंचाना शुरू किया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कई घरों में दूध बांटने के बाद वह वापस अपनी बाइक के पास पहुंचा। इसके बाद उसने बड़े डोल से छोटे बर्तन में दूध डाला। इसी दौरान उसने छोटे डोल को अपने मुंह के पास ले जाते हुए कुछ ऐसा किया, जिसे लेकर लोगों ने सवाल उठाए। यह पूरा घटनाक्रम वहां लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया।
CCTV फुटेज सामने आने के बाद बढ़ा विवाद
बताया गया कि CCTV फुटेज देखने के बाद स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दूध बांटने वाले व्यक्ति ने दूध के बर्तन में थूका है। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और विरोध शुरू हो गया। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद आवास विकास चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और संबंधित व्यक्ति को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। पुलिस के सामने शिकायतकर्ताओं की ओर से CCTV फुटेज भी उपलब्ध कराया गया है।
VHP कार्यकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत
विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता जोगेंद्र सिंह ने पुलिस को शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में CCTV फुटेज का हवाला देते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की गई है।
वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को लेकर सामने आए आरोपों की जांच की जा रही है। CCTV फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वास्तव में घटनास्थल पर क्या हुआ था।
जांच के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई
सीओ विभव सैनी के अनुसार, मामला पुलिस के संज्ञान में आया है। संबंधित व्यक्ति को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा उपलब्ध CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने लोगों से मामले की जांच पूरी होने तक किसी तरह की अफवाह या अपुष्ट जानकारी फैलाने से बचने की अपील की है।










