ब्रेकिंग न्यूज़

कैबिनेट मंत्री कैड़ा ने बागेश्वर मै बहुउद्देशीय शिविर मै सुनी जनता की समस्या अधिकारियो को दिये समस्याओं का समाधान करने के निर्देश
बागेश्वर। उत्तराखंड सरकार के शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने राजकीय कॉलेज रवाईखाल, बागेश्वर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की जनता की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं, सरकारी सेवाओं और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी गई। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके नजदीक उपलब्ध कराना रहा।
इस दौरान समाज कल्याण विभाग की ओर से पात्र लाभार्थियों को पेंशन संबंधी पत्र उपलब्ध कराए गए। बाल विकास विभाग ने लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की, जबकि उद्योग विभाग की ओर से मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों को लाभान्वित किया गया। इसके अलावा विभिन्न विभागों ने अपनी-अपनी योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित सुविधाएं शिविर में उपलब्ध कराईं।
बहुउद्देशीय शिविर में स्वास्थ्य, राजस्व, समाज कल्याण, कृषि, दुग्ध विकास, उद्योग एवं स्वरोजगार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। ग्रामीणों को एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से भी राहत मिली।
शिविर के दौरान दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं, किसान, युवा और जरूरतमंद परिवारों को केंद्र में रखते हुए उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य परीक्षण के साथ ही लोगों को स्वास्थ्य एवं विभिन्न सरकारी सुविधाओं के प्रति जागरूक भी किया गया।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ऐसे शिविरों का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित होगा, जब पात्र व्यक्ति तक उसकी जानकारी और सुविधा समय पर पहुंचे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त होने वाली प्रत्येक जनसमस्या और शिकायत को गंभीरता से लिया जाए। सभी शिकायतों का पंजीकरण करते हुए उनके निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जब तक शिविर में प्राप्त शिकायतों का पंजीकरण और आवश्यक कार्रवाई पूरी न हो जाए, संबंधित अधिकारी शिविर स्थल पर उपस्थित रहकर जनता की समस्याओं को सुनें।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मंत्री के समक्ष अपनी व्यक्तिगत एवं क्षेत्रीय समस्याएं रखीं। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से समस्याओं की जानकारी लेते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नैनीताल फायर ब्रिगेड के अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी सेवानिवृत्त, भावभीनी विदाई देकर दी शुभकामनाएं

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.