ब्रेकिंग न्यूज़

अल्मोड़ा। जिले के स्यालदे ब्लॉक के बसई गांव के रतखेत में आपसी विवाद के बाद एक बुजुर्ग व्यक्ति ने दराती से हमला कर 65 वर्षीय वृद्धा की हत्या कर दी। हमले में वृद्धा की 95 वर्षीय मां भी घायल हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में प्रयुक्त दराती बरामद कर ली है और आरोपी की तलाश में टीमें गठित की गई हैं।
जानकारी के अनुसार, बसई गांव के रतखेत निवासी 65 वर्षीय तुलसी देवी पत्नी स्व. मोहन चंद्र पिछले करीब 40 वर्षों से अपनी 95 वर्षीय मां धनुली देवी के साथ रह रही थीं। उनके साथ उनके भाई हरीश चंद्र डुंगरियाल का परिवार भी रहता है।
बताया गया कि घटना के दौरान तुलसी देवी घर में पूजा कर रही थीं। इसी दौरान गांव का 70 वर्षीय राजे सिंह पुत्र दौलत सिंह खेत में काम करने के लिए वहां आया था। किसी बात को लेकर तुलसी देवी और राजे सिंह के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर राजे सिंह ने दराती से तुलसी देवी के सिर के पिछले हिस्से पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले में तुलसी देवी गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गईं। उन्हें बचाने के लिए उनकी 95 वर्षीय मां धनुली देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो वह भी चोटिल हो गईं। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और घायल तुलसी देवी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही देघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। देघाट एसओ अजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई दराती भी बरामद कर ली है।
मृतका के भाई हरीश चंद्र डुंगरियाल की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी राजे सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।
रानीखेत की क्षेत्राधिकारी भावना कैथोला ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर AHTU नैनीताल की स्पा सेंटरों में सघन चेकिंग, 6 स्पा सेंटरों पर पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.