ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

सोमवार को 310 डॉक्टरों के बाद मंगलवार को 67 चिकित्सा अधिकारी समेत विभिन्न संवर्गों में व्यापक फेरबदल

देहरादून। उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग में बड़े स्तर पर तबादलों का सिलसिला लगातार जारी है। विभाग ने सोमवार के बाद मंगलवार को भी विभिन्न संवर्गों के कुल 615 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं। इसे विभाग की बड़ी प्रशासनिक कवायद माना जा रहा है।
सोमवार को विभाग ने विभिन्न सेवाओं के 310 डॉक्टरों के तबादले किए थे। वहीं मंगलवार को 67 चिकित्सा अधिकारियों के अनुरोध पर उनका स्थानांतरण किया गया। इसके अलावा 11 डेंटल सर्जन और 14 डेंटल हाइजिनिस्ट के तबादला आदेश भी जारी किए गए।
डॉक्टरों के अलावा अन्य स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक संवर्गों में भी व्यापक फेरबदल किया गया है। विभाग ने मिनिस्ट्रियल कैडर के 36 कर्मचारियों, पैरामेडिकल कैडर के 37 कर्मचारियों, नर्सिंग कैडर के 136 कार्मिकों तथा चार लैब टेक्नीशियनों के स्थानांतरण किए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को जल्द से जल्द नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
विभाग के अनुसार, इस व्यापक तबादला अभियान का उद्देश्य प्रदेश के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में मानव संसाधनों का संतुलित वितरण सुनिश्चित करना, रिक्त पदों पर आवश्यक तैनाती करना तथा स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और सुचारू बनाना है।
दो दिनों में हुए इस बड़े फेरबदल के बाद विभागीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है। कई अधिकारी और कर्मचारी नई तैनाती की तैयारी में जुट गए हैं, जबकि विभिन्न जिलों के अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में कार्य व्यवस्था के अनुसार जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण भी शुरू हो गया है।

यह भी पढ़ें :  धारी में फल-सब्जी विक्रेता की ठेली में लगाई आग, पीड़ित ने प्रधान समेत कुछ लोगों पर जताया शक, पुलिस से कार्रवाई की मांग

You missed

error: Content is protected !!