ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

धारी (नैनीताल)। धारी क्षेत्र के अघरिया गांव में एक फल एवं सब्जी विक्रेता की अस्थायी ठेली में आग लगाए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुक्तेश्वर थाने में तहरीर देकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही क्षेत्र के एक ग्राम प्रधान सहित कुछ लोगों पर भी संदेह जताया है।

जानकारी के अनुसार अघरिया निवासी ओम प्रकाश धानाचूली-धारी मोटर मार्ग पर पर्यटन सीजन के दौरान अस्थायी ठेली लगाकर मौसमी फल और सब्जियां बेचते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले करीब दो माह से वह अघरिया वन पंचायत क्षेत्र में अपनी ठेली लगाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।

ओम प्रकाश का आरोप है कि कुछ दिन पहले नजदीकी ग्राम पंचायत के कुछ लोगों ने उन्हें दुकान हटाने की धमकी दी थी। उनका कहना है कि इसके बाद बीती रात अज्ञात लोगों ने उनकी ठेली में आग लगा दी। आग की घटना में ठेली पूरी तरह जल गई और उसमें रखा फल, सब्जियां समेत अन्य सामान भी राख हो गया, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

पीड़ित का कहना है कि उन्होंने किसी सरकारी भूमि पर कब्जा नहीं किया है और केवल परिवार की आजीविका चलाने के लिए अस्थायी रूप से दुकान संचालित कर रहे थे। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

मामले में मुक्तेश्वर पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हो गई है और उसके आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल के शनि देव मंदिर में अंतिम शनिवार पर 101 लीटर दूध की खीर का भोग, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
error: Content is protected !!