ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

गोलापार-चोरगलिया में वीआईपी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित चोरगलिया दौरे को लेकर नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए जनपद पुलिस को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर वीआईपी सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा प्रबंधों को लेकर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने गोलापार-चोरगलिया क्षेत्र में मुख्यमंत्री की वीआईपी ड्यूटी में तैनात होने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

सख्त रहेगा एक्सेस कंट्रोल

ब्रीफिंग के दौरान एसपी हल्द्वानी ने वीआईपी प्रोटोकॉल के अनुरूप कार्यक्रम स्थल, वीआईपी मार्ग और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में सख्त सुरक्षा घेरा बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकृत व्यक्तियों को ही निर्धारित क्षेत्र में प्रवेश दिया जाए और एक्सेस कंट्रोल व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।

संदिग्धों पर रहेगी पैनी नजर

सुरक्षा के मद्देनजर पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग करने के निर्देश दिए गए। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध वस्तु अथवा व्यक्ति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के लिए कहा गया।

यातायात व्यवस्था को लेकर भी निर्देश

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान आम जनता को यातायात संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए यातायात पुलिस और सीपीयू को प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू करने के निर्देश दिए गए। वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने तथा आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन और ट्रैफिक नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

पुलिसकर्मियों से विनम्र व्यवहार की अपील

एसपी ने स्पष्ट किया कि वीआईपी ड्यूटी के दौरान सुरक्षा के साथ-साथ आम जनता के साथ पुलिसकर्मियों का व्यवहार भी शालीन और विनम्र होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखते हुए आम लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए।

वीआईपी रूट पर पहले से हटाई जाएंगी बाधाएं

वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए निर्धारित मार्गों का पहले से निरीक्षण कर सभी प्रकार की रुकावटों और अवरोधों को दूर करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी तरह मुस्तैद रहने को कहा गया।

एसपी हल्द्वानी ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहे।

ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल, अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल, प्रभारी निरीक्षक लालकुआं ब्रजमोहन सिंह राणा, प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी समेत वीआईपी ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सुरक्षा के सभी पहलुओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और वीआईपी कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस बल पूरी तरह तैयार है।

यह भी पढ़ें :  सरस्वती शिशु मंदिर सुयालबाड़ी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, देशभक्ति कार्यक्रमों ने बांधा समां

You missed

error: Content is protected !!