ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार-मंगलौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अलग-अलग सड़क हादसों में चार कांवड़ियों की मौत हो गई। लगातार हुए हादसों से पुलिस-प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। हादसों में कई अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पहला हादसा रविवार देर शाम हरिद्वार-मंगलौर बाईपास पर रिमझिम ढाबे के पास हुआ। यहां बुलेट और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार कांवड़िए संदीप मलिक (35), निवासी शामली और विपिन (40), निवासी शामली गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल सरकारी अस्पताल रुड़की ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी है।

इसी क्षेत्र के पास एक अन्य हादसे में कार और स्कूटी की टक्कर हो गई। दुर्घटना में स्कूटी सवार घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

वहीं, नारसन शिव मंदिर के पास एक अन्य कांवड़िया अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। करीब 25 से 30 वर्षीय कांवड़िए को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल रुड़की ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के बैग से 6,110 रुपये और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। मोबाइल बंद होने के कारण फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस पहचान कराने के प्रयास में जुटी है।

इसके अलावा लिब्बरहेड़ी में भी अज्ञात वाहन ने एक कांवड़िए को टक्कर मार दी। हादसे में करीब 45 वर्षीय कांवड़िए की मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बड़ौत निवासी मांगा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस हादसों की वजह और जिम्मेदार वाहनों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि हरिद्वार-मंगलौर बाईपास हादसे में जान गंवाने वाले दोनों कांवड़ियों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। अन्य हादसों की भी जांच की जा रही है।

कांवड़ यात्रा के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालुओं के राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन को देखते हुए पुलिस ने वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा, 13 जुआरी गिरफ्तार; ₹58,950 नकद और ताश के पत्ते बरामद
error: Content is protected !!