ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में खेल और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाली बहुप्रतीक्षित मानसून मैराथन की तारीख तय हो गई है। इस वर्ष मैराथन का आयोजन 30 अगस्त को किया जाएगा। लगातार 15 वर्षों से आयोजित हो रही इस मैराथन में इस बार भी देश-विदेश के धावकों के पहुंचने की उम्मीद है।

आयोजकों के मुताबिक मानसून मैराथन में इस बार हजारों प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। प्रतियोगिता को चार श्रेणियों में आयोजित किया जाएगा, जिसमें 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर, 5 किलोमीटर और 4 किलोमीटर की दौड़ शामिल है। प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिए गए हैं।

मैराथन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले धावकों को इस बार कुल 5 लाख 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी। आयोजन का उद्देश्य केवल युवाओं और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना ही नहीं, बल्कि नैनीताल में खेल पर्यटन को भी बढ़ावा देना है। मानसून के दौरान नैनीताल की प्राकृतिक सुंदरता के बीच आयोजित होने वाली इस दौड़ को लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिलता है।

पिछले वर्षों में इस आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों के साथ ही विदेशी धावकों ने भी हिस्सा लिया है। यही वजह है कि मानसून मैराथन अब नैनीताल की प्रमुख खेल गतिविधियों में शामिल हो चुकी है। पर्यटन विभाग भी इस आयोजन को प्रमोट कर रहा है, ताकि खेल के साथ-साथ उत्तराखंड के पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके।

आदि कैलाश में भी होगी अल्ट्रा मैराथन

उत्तराखंड में खेल और पर्यटन को जोड़ने के लिए एक और बड़ा आयोजन आदि कैलाश क्षेत्र में अल्ट्रा मैराथन के रूप में होने जा रहा है। यह आयोजन 24 से 26 अक्टूबर तक प्रस्तावित है और इसके लिए रजिस्ट्रेशन भी शुरू कर दिए गए हैं।

आयोजकों के अनुसार आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन के विजेताओं के लिए सरकार की ओर से करीब 40 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। हिमालयी क्षेत्र की प्राकृतिक और आध्यात्मिक पृष्ठभूमि में होने वाली यह अल्ट्रा मैराथन साहसिक खेलों के साथ-साथ सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण आयोजन मानी जा रही है।

नैनीताल की मानसून मैराथन और आदि कैलाश की अल्ट्रा मैराथन के जरिए उत्तराखंड में स्पोर्ट्स टूरिज्म को नई पहचान देने की तैयारी है। नैनीताल में 15 वर्षों से आयोजित हो रही मानसून मैराथन का बढ़ता क्रेज और विदेशी धावकों की भागीदारी इस बात का संकेत है कि राज्य में खेल आधारित पर्यटन की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

यह भी पढ़ें :  2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू, रामगढ़ के दूरस्थ गांवों में पहुंचकर जनता से मांगा आशीर्वाद
error: Content is protected !!