हल्द्वानी। हल्द्वानी कोतवाली और मुखानी थाना क्षेत्र में रिक्शों में सवार महिलाओं के गले से मंगलसूत्र चोरी करने वाली शातिर महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी का माल भी बरामद किया गया है।
मामले के अनुसार 26 मार्च 2026 को वादिनी दीपा खडायत निवासी कुसुमखेड़ा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 मार्च को कालाढूंगी टैम्पो स्टैंड से घर लौटते समय ऑटो में सफर के दौरान उनका मंगलसूत्र चोरी हो गया। उन्होंने शक जताया कि ऑटो में बैठी एक महिला, जो बार-बार सटकर बैठ रही थी, उसी ने मंगलसूत्र काट लिया।
तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपी महिला की पहचान की।
27 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने रोडवेज स्टेशन हल्द्वानी के पास से आरोपी मुस्कान (26) निवासी ब्रजधाम कॉलोनी, मथुरा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने मुखानी क्षेत्र में भी इसी तरह की चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की। इस संबंध में थाना मुखानी में पहले से एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मंगलसूत्र बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर दोनों मामलों में संबंधित धाराएं बढ़ाई गई हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का पति भी चोरी की घटनाओं में सहयोग करता था और उसके खिलाफ आगरा जिले में कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।

