नैनीताल हल्द्वानी राष्ट्रीय मार्ग पर जंगल में लगी भीषण आग
रिपोर्टर : गुड़डू सिंह ठठोला
नैनीताल। नैनीताल में एक बार फिर वनाग्नि ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया है। हल्द्वानी-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग पर बल्दीयाखान से लगभग चार किलोमीटर नीचे हनुमान मंदिर के समीप जंगलों में भीषण आग लग गई, जो नीचे से ऊपर की ओर तेजी से फैलती चली गई। आग की लपटों से मनोरा रेंज के जंगलों का बड़ा हिस्सा प्रभावित हो रहा है, जिससे वन संपदा और वन्यजीवों को भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि हल्द्वानी से नैनीताल जा रहे एक राहगीर ने जंगल में उठती आग की लपटों का वीडियो बनाया, जिसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
मनोरा रेंज के रेंज ऑफिसर नितिन पंत ने बताया कि जंगल में आग शनिवार रात से लगी हुई है। कुछ समय के लिए आग शांत हो गई थी, लेकिन तेज हवा अथवा किसी शरारती तत्व की करतूत के चलते आग ने दोबारा भयंकर रूप ले लिया। उन्होंने बताया कि फोरेटर रंजीत थापा की निगरानी में वन विभाग की टीम लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही है।
वन विभाग के अनुसार आग मनोरा रेंज के नलेना बीट क्षेत्र में फैली हुई है। विभागीय टीमें लगातार फायर लाइन बनाकर और झाड़ियों को काटकर आग रोकने में जुटी हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आग से जंगल में रहने वाले वन्यजीवों को भारी नुकसान पहुंचा है। क्षेत्र निवासी मोहित ने बताया कि कई जंगली जानवरों के बच्चे आग की चपेट में आकर जल गए होंगे। उन्होंने कहा कि जंगल से लगातार धुआं उठ रहा है और आग तेजी से फैल रही है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वन विभाग मामले की जांच कर रहा है।

