ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

महिलाओं ने रामायण के प्रसंगों की दी भावपूर्ण प्रस्तुतियां, विजेताओं को ट्रॉफी और नगद पुरस्कार से किया सम्मानित

रानीखेत। सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय महिला रामलीला प्रतियोगिता का समापन उत्साह और सांस्कृतिक रंगों के बीच हुआ। प्रतियोगिता के दूसरे दिन मुख्य अतिथि एसएसबी के सेवानिवृत्त सहायक सेना नायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता दीप पांडे ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख रचना रावत, सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष विमल सती और मिशन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य हेमंत अग्रवाल भी मौजूद रहे।

प्रतियोगिता में विभिन्न महिला समूहों ने रामायण के प्रसंगों का मंचन कर दर्शकों का मन मोह लिया। उन्नति महिला समूह सौनी ने अशोक वाटिका में रावण-सीता संवाद, श्री राम सांस्कृतिक सामाजिक सेवा समिति अल्मोड़ा ने श्रवण भक्ति प्रसंग, चौरा विश्वनाथ रामलीला समिति ने हनुमान-मकरध्वज संवाद तथा श्री लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब अल्मोड़ा ने लक्ष्मण-मेघनाथ संवाद की प्रभावशाली प्रस्तुति दी।

प्रतियोगिता में श्री लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब अल्मोड़ा ने प्रथम स्थान हासिल किया। मातृ शक्ति समूह रानीखेत दूसरे और गौरा स्वयं सहायता समूह चिलियानौला तीसरे स्थान पर रहे। सर्वश्रेष्ठ अभिनय, निर्देशन और वेशभूषा का पुरस्कार भी हुक्का क्लब के नाम रहा।

मुख्य अतिथि दीप पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन धर्म, कर्तव्य और मानवीय मूल्यों का सर्वोच्च आदर्श प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि कुमाऊं की रामलीला सांस्कृतिक विरासत है, जिसे संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। वहीं रचना रावत ने महिला रामलीला के माध्यम से महिलाओं को मंच प्रदान करने के लिए समिति की सराहना की।

विजेता टीमों को ट्रॉफियों के साथ क्रमशः 11 हजार, 7 हजार और 4 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम का संचालन दीपक पंत और संजय पंत ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में सांस्कृतिक प्रेमी और समिति पदाधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  बकरीद पर नैनीताल पुलिस हाई अलर्ट मोड में, ड्रोन से निगरानी और सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर
error: Content is protected !!