मुनस्यारी/पिथौरागढ़। विकास खण्ड मुनस्यारी के अंतर्गत ग्राम पंचायत बमनगांवगूंठ (माजकोट), तहसील तेजम निवासी हरीश द्विवेदी के पुत्र अमित द्विवेदी का चयन उपजिलाधिकारी (एसडीएम) पद पर होने से पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।
अमित की इस उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया जा रहा है।
अमित द्विवेदी की सफलता की सूचना मिलते ही गांव तथा आसपास के क्षेत्रों में लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें और उनके परिवार को बधाई दी।
ग्रामीणों का कहना है कि कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर अमित ने यह मुकाम हासिल किया है, जिससे क्षेत्र का नाम भी गौरवान्वित हुआ है।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान बमनगांवगूंठ, क्षेत्र पंचायत सदस्य किमखेत, पूर्व जिला युवा कल्याण अधिकारी नरेश द्विवेदी, क्षेत्र पंचायत सदस्य क्वीटी जगदीश द्विवेदी, पूर्व न्याय पंचायत समन्वयक गोविन्द राणा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने खुशी व्यक्त करते हुए अमित द्विवेदी को शुभकामनाएं दीं।
सभी ने आशा जताई कि अमित द्विवेदी अपनी नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ करेंगे तथा प्रशासनिक सेवा में उत्कृष्ट कार्य कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
अमित की इस उपलब्धि से माजकोट, बमनगांवगूंठ और पूरे मुनस्यारी क्षेत्र में गौरव का वातावरण है तथा लोग इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत मान रहे हैं।

