ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

“बड़ा आदमी बनने निकले दो नाबालिग, दिल्ली जाने से पहले लालकुआं जीआरपी ने रोका”

लालकुआं। बड़ा आदमी बनने के सपने लेकर दिल्ली जा रहे हल्द्वानी के प्रतिष्ठित परिवारों के दो नाबालिग बच्चों को लालकुआं जीआरपी ने सतर्कता दिखाते हुए सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 9:45 बजे, काठगोदाम से दिल्ली जा रही रानीखेत एक्सप्रेस लालकुआं रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-5 पर खड़ी थी। इसी दौरान जीआरपी चौकी में तैनात पुलिस कर्मियों की नजर ट्रेन के दरवाजे के पास खड़े 13 व 14 वर्ष के दो बच्चों पर पड़ी। संदिग्ध प्रतीत होने पर पूछताछ की गई, जिसमें बच्चों ने स्वीकार किया कि वे घर से भागकर दिल्ली जा रहे हैं।

पूछताछ में सामने आया कि एक बच्चा हाईकोर्ट नैनीताल के अधिवक्ता का पुत्र है और डीपीएस हल्द्वानी में कक्षा 8 का छात्र है, जबकि दूसरा बच्चा भारतीय सेना में तैनात जवान का पुत्र है और डीपीएस में कक्षा 7 में पढ़ता है।

इधर, बच्चों के लापता होने पर दोनों परिवारों ने देर शाम हल्द्वानी की टीपी नगर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई, जिससे पुलिस और परिजन बच्चों की तलाश में जुटे थे। इसी बीच लालकुआं जीआरपी द्वारा बच्चों के सुरक्षित मिलने की सूचना दी गई।

बच्चों ने बताया कि मां की डांट से नाराज होकर वे शाम करीब 4 बजे घर से निकले थे। एक बच्चा ट्यूशन और दूसरा खेलने का बहाना बनाकर निकला था। दोनों के पास थोड़े पैसे और खाने-पीने का सामान था।

जीआरपी की सतर्कता से दोनों बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों को सौंप दिया गया। बच्चों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने लालकुआं जीआरपी पुलिस का आभार जताया।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : एसएसपी मंजुनाथ टीसी का सख्त रुख: थाना प्रभारियों को फटकार, होली–रमजान पर कड़ी सुरक्षा के निर्देश
error: Content is protected !!