ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

 नैनीताल में होली में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम: चप्पे-चप्पे पर भारी मात्रा में पुलिस, PAC और क्यूआरटी तैनात

SSP नैनीताल डॉ० मंजूनाथ टी०सी० का सख्त रुख- ‘शांति बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई’

नैनीताल। जिले में होली का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। होलिका दहन के सफल आयोजन के बाद अब रंगों की होली को लेकर पूरा पुलिस महकमा अलर्ट मोड पर है।

एसएसपी डॉ० मंजूनाथ टी०सी० के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सर्किल सीओ, थाना प्रभारियों, स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) और अन्य खुफिया तंत्रों के साथ संयुक्त बैठकें कर विस्तृत रणनीति तैयार की गई है।

जनपद के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च, रूट मार्च और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाकर आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत किया गया है। इसके अलावा पीएसी (PAC), फायर सर्विस, वायरलेस टीम और पुलिस लाइन से रिजर्व क्यूआरटी (QRT) व स्ट्राइक फोर्स को स्टैंडबाय पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

रातभर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा और सुबह 6 बजे से सभी सुरक्षाकर्मी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात रहेंगे।

हुड़दंगियों को कड़ी चेतावनी

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार की आड़ में अव्यवस्था फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

किसी की मर्जी के बिना रंग डालना, विशेष समुदाय या व्यक्ति को निशाना बनाना या विवाद उत्पन्न करने की कोशिश करने पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी।

पुरानी रंजिश निकालने या वर्चस्व दिखाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और आवश्यक होने पर बल प्रयोग भी किया जाएगा।

शराब पीकर वाहन चलाने, ओवर स्पीडिंग और स्टंटबाजी पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। नशे में वाहन चलाते पकड़े जाने पर सीधे हवालात भेजा जा सकता है।

एसएसपी डॉ० मंजूनाथ टी०सी० ने जनता से अपील करते हुए कहा कि होली कुमाऊं की संस्कृति और प्रकृति के सौंदर्य का पर्व है। इसे आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं। छोटी-छोटी बातों को तूल न दें और सभी वर्गों के साथ मिलकर त्योहार का आनंद लें।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 26जून 2026

You missed

error: Content is protected !!