ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। सी.आर.एस.टी. ओल्ड बॉयज एसोसिएशन नैनीताल द्वारा आयोजित एवं नैनीताल बैंक के सौजन्य से प्रायोजित 78वीं एच.एन. पाण्डे मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 के अंतर्गत शुक्रवार को फ्लैट्स मैदान में तृतीय एवं चतुर्थ स्थान के लिए बिड़ला विद्या मंदिर नैनीताल और लेक्स इंटरनेशनल स्कूल भीमताल के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। कड़े संघर्ष वाले इस मैच में बिड़ला विद्या मंदिर नैनीताल ने लेक्स इंटरनेशनल स्कूल को 1-0 से पराजित कर प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया।

मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए एक-दूसरे के गोलपोस्ट पर लगातार दबाव बनाने का प्रयास किया। खिलाड़ियों के बीच गेंद पर कब्जे को लेकर पूरे मैदान में जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और कौशल का परिचय दिया, जिससे मुकाबला बेहद रोमांचक बना रहा। मैदान में मौजूद दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए मैच का भरपूर आनंद लिया।

पहले हाफ में दोनों टीमों ने कई आक्रमण किए, लेकिन कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। परिणामस्वरूप मध्यांतर तक मुकाबला 0-0 की बराबरी पर रहा। दूसरे हाफ में जीत के लिए दोनों टीमों ने अपनी रणनीति में बदलाव किया और तेज खेल का प्रदर्शन किया।

मध्यांतर के बाद बिड़ला विद्या मंदिर नैनीताल की टीम ने शानदार आक्रमण करते हुए मैच का एकमात्र गोल दागा। टीम के खिलाड़ी नमो ने बेहतरीन गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद लेक्स इंटरनेशनल स्कूल ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन बिड़ला विद्या मंदिर की मजबूत रक्षा पंक्ति के सामने उनकी एक न चली। निर्धारित समय तक स्कोर 1-0 ही रहा और बिड़ला विद्या मंदिर नैनीताल ने जीत दर्ज करते हुए प्रतियोगिता में तृतीय स्थान अपने नाम कर लिया।

आज के मुकाबले में अपूर्व सिंह बिष्ट, शेखर साह एवं नकुल सिंह बिष्ट ने मैच रेफरी की भूमिका निभाई।

टूर्नामेंट के तहत अब सभी की निगाहें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं। प्रतियोगिता का फाइनल मैच शनिवार को सनवाल पब्लिक स्कूल नैनीताल और सेंट जोसेफ कॉलेज नैनीताल के बीच खेला जाएगा, जिसमें टूर्नामेंट के विजेता का फैसला होगा।

यह भी पढ़ें :  मुक्तेश्वर में अनियंत्रित बस खाई में गिरी; SDRF, पुलिस और 108 राहत-बचाव में जुटी

You missed

error: Content is protected !!