ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा परिसर ‘जय हिंद’, ‘भारत माता की जय’ और ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में शिक्षकों, कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

आर्ट्स सभागार से प्रारंभ हुई तिरंगा यात्रा परिसर के विभिन्न मार्गों से होते हुए ओल्ड आर्ट्स परिसर में संपन्न हुई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का संचालन करते हुए परिसर निदेशक एवं विजिटिंग प्रोफेसर डॉ. ललित तिवारी ने राष्ट्रीय ध्वज के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों का वस्त्र नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारे स्वाभिमान, संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है।

डॉ. तिवारी ने कहा कि तिरंगे का केसरिया रंग साहस, त्याग और बलिदान का संदेश देता है, सफेद रंग शांति, सत्य और पवित्रता का प्रतीक है, जबकि हरा रंग समृद्धि, विश्वास और हरियाली को दर्शाता है। तिरंगे के मध्य स्थित नीला अशोक चक्र जीवन की गतिशीलता और निरंतर प्रगति का संदेश देता है। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज के रचनाकार पिंगली वेंकैया के योगदान को भी स्मरण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. आर.सी. जोशी ने कहा कि देश सर्वोपरि है और प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रहित में कार्य करे। वहीं प्रो. हरीश बिष्ट ने कहा कि देश सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है और तिरंगा प्रत्येक भारतीय के सम्मान और गौरव का प्रतीक है।

तिरंगा यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत तथा देशभक्ति गीत “सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा” का सामूहिक गायन किया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की रक्षा में वीरगति प्राप्त करने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।

इस अवसर पर विद्यार्थियों और उपस्थित जनसमूह ने नशामुक्त भारत, एंटी-रैगिंग अभियान तथा स्वस्थ मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने की शपथ भी ली।

कार्यक्रम में प्रो. आशीष तिवारी, प्रो. गीता तिवारी, प्रो. रीना सिंह, डॉ. पेनी जोशी, डॉ. मुकेश सामंत, डॉ. गगन होती, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. नंदन मेहरा, डॉ. दिव्या मेहरा, डॉ. दीपिका पंत, डॉ. चेतना मेहरा, डॉ. नवीन पांडे, डॉ. पंकज नेगी, डॉ. नीता, डॉ. आशीष मेहता, आनंद रावत, नवीन जोशी, राजेंद्र ढेला, अज्जू, कुंदन, विशाल, लाल सिंह, अनीता, चारु सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। साथ ही एनसीसी (सीनियर एवं जूनियर विंग), नेवल एवं आर्मी विंग, फिजिकल एजुकेशन तथा बीएससी के छात्र-छात्राओं ने भी तिरंगा यात्रा में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

यह भी पढ़ें :  ताकुला में गहरी खाई में गिरी कार, चार लोग घायल; हाईकोर्ट में केस के सिलसिले में आ रहे थे नैनीताल

You missed

error: Content is protected !!