हल्द्वानी। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम द्वारा शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगी इस यात्रा का नेतृत्व नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के महापौर श्री गजराज सिंह बिष्ट ने किया।
तिरंगा यात्रा नगर निगम कार्यालय से प्रारंभ होकर तिकोनिया चौराहा, वर्कशॉप लाइन सहित विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः नगर निगम कार्यालय पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों के साथ देशभक्ति का संदेश दिया।
इस अवसर पर नगर आयुक्त परितोष वर्मा, नगर निगम के समस्त पार्षदगण, अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक तिरंगा यात्रा में भाग लेते हुए स्वतंत्रता दिवस के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्री गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना तथा युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक मजबूत करना है।
महापौर ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि आज हमें उनके सपनों के भारत के निर्माण के लिए राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम परिवार सदैव राष्ट्रहित, जनसेवा और समाज के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। नागरिकों ने यात्रा का स्वागत करते हुए स्वतंत्रता दिवस के पर्व को गरिमामय ढंग से मनाने का संदेश दिया।







