घूमने गए आठ दोस्तों में मचा कोहराम, सीएचसी भीमताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
हल्द्वानी/भीमताल। नैनीताल जिले के भीमताल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत चांफी क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में हल्द्वानी निवासी बीसीए के 20 वर्षीय छात्र की डूबने से मौत हो गई। छात्र अपने सात दोस्तों के साथ घूमने के लिए चांफी गया था। नहाने के दौरान वह गधेरे के तेज बहाव और गहरे पानी में फंस गया, जिससे उसकी जान चली गई।
पुलिस के अनुसार हल्द्वानी से आठ दोस्त चांफी क्षेत्र घूमने पहुंचे थे। सभी युवक वहां बहने वाले गधेरे में नहाने के लिए उतर गए। इसी दौरान 20 वर्षीय आदित्य पाठक अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने के लिए काफी प्रयास किए और कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी।
दोस्त तत्काल आदित्य को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भीमताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद साथ आए दोस्तों में शोक और दहशत का माहौल है।
भीमताल कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि मृतक की पहचान आदित्य पाठक (20 वर्ष) पुत्र दीपक पाठक निवासी वार्ड नंबर-9, तल्ली बमौरी, नहर कवरिंग रोड, मुखानी (हल्द्वानी) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी युवक घूमने के उद्देश्य से चांफी पहुंचे थे और नहाने के दौरान यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भीमताल सीएचसी पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को कराया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
पुलिस ने बरसात के मौसम में नदी, गधेरों और झरनों में नहाने से बचने की अपील करते हुए कहा है कि तेज बहाव और अचानक गहराई के कारण ऐसे स्थान जानलेवा साबित हो सकते हैं।


