ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी में अमेजन डिलीवरी स्टोर में भीषण आग, दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत

हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित जीतपुर नेगी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां स्थित अमेजन के डिलीवरी स्टोर में अचानक भीषण आग लगने से अंदर सो रहे दो कर्मचारियों की मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों कर्मचारियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और दम घुटने व झुलसने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे स्टोर से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल, पुलिस बल और दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्टोर का शटर बाहर से बंद होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाई हुई। बाद में कटर की मदद से शटर तोड़कर टीम अंदर पहुंची और आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक पूरा स्टोर जलकर खाक हो चुका था।

हादसे में जान गंवाने वाले कर्मचारियों की पहचान गौलापार निवासी नरेंद्र और पंचायतघर निवासी अमित के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिए हैं तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

आग की चपेट में आकर स्टोर के भीतर रखा लाखों रुपये का सामान, डिलीवरी पार्सल, एक चार्जिंग पर लगी स्कूटी और एक मालवाहक टेम्पो भी पूरी तरह जल गए। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। आशंका है कि चार्जिंग पर लगी स्कूटी से आग भड़की हो, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। शटर तोड़कर आग पर काबू पाया गया, लेकिन दो कर्मचारियों की जान नहीं बचाई जा सकी। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। देर रात तक पुलिस और फायर विभाग की टीमें मौके पर मौजूद रहीं और जांच-पड़ताल में जुटी रहीं।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 9 वरिष्ठ IPS अधिकारियों के तबादले

You missed

error: Content is protected !!