देहरादून। शनिवार रात पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत चलाए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक’ में बड़ा एक्शन लेते हुए अपराधियों और हुड़दंगियों पर शिकंजा कस दिया। शहर की सड़कें, होटल, पब और बार पुलिस की कड़ी निगरानी में रहे और कई जगहों पर औचक छापेमारी की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसपी ऋषिकेश के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों ने एक साथ कार्रवाई करते हुए एक दर्जन से अधिक वांछित और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़
ऋषिकेश और विकासनगर क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली, जहां अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार किए गए। दोनों आरोपी हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं और उनके कब्जे से चोरी की पल्सर और सुपर स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई। इसके अलावा ऋषिकेश से एक अन्य वाहन चोर को भी गिरफ्तार कर चोरी की स्कूटी बरामद की गई।
बिना लाइसेंस शराब परोसने पर कार्रवाई
प्रेमनगर क्षेत्र में दो होटल और रेस्टोरेंट में बिना लाइसेंस शराब परोसने का मामला सामने आया। पुलिस ने मौके से शराब की बोतलें बरामद कर संचालकों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। साथ ही वहां मौजूद 8 लोगों को भी हिरासत में लिया गया।
सघन चेकिंग अभियान
पूरे अभियान के दौरान पुलिस ने 657 लोगों से पूछताछ की, जिनमें से 67 संदिग्धों का सत्यापन किया गया। 115 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट में चालान कर 28,750 रुपये का जुर्माना वसूला गया। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते पाए गए 44 लोगों को हिरासत में लिया गया।
हुड़दंगियों और वारंटियों पर शिकंजा
कैंट, क्लेमेंटाउन और डोईवाला क्षेत्रों में हुड़दंग मचाने वाले 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं लंबे समय से फरार चल रहे 9 वारंटियों को भी पुलिस ने दबोच लिया।
नशे में ड्राइविंग पर कड़ी कार्रवाई
नशे में वाहन चलाने वाले 9 चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज किए गए। इसके अलावा 90 वाहन चालकों के चालान काटे गए और 52,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। 30 चालकों के न्यायालय चालान और 32 वाहन सीज किए गए।
यह पूरी कार्रवाई राज्यभर में चल रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ का हिस्सा है। पुलिस का साफ संदेश है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

