उत्तराखंड में राशन कार्डधारकों की बल्ले-बल्ले! अब हर महीने लाइन में लगने की झंझट खत्म, 3 महीने का राशन मिलेगा एक साथ
उत्तराखंड खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने प्रदेश के राशन कार्डधारकों को बड़ी राहत देते हुए एक नई और सुविधाजनक व्यवस्था लागू की है।
अब लाभार्थियों को हर महीने राशन की दुकानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। विभाग ने निर्णय लिया है कि अप्रैल, मई और जून—इन तीन महीनों का राशन एक साथ वितरित किया जाएगा।
यह फैसला खासतौर पर बढ़ती गर्मी और आने वाले मानसून को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। सरकार का उद्देश्य है कि बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बार-बार लंबी लाइनों में न लगना पड़े और उन्हें समय व श्रम दोनों की बचत हो।
विभाग के अनुसार, इस नई व्यवस्था से न सिर्फ उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी, बल्कि राशन वितरण प्रक्रिया भी अधिक सुगम और व्यवस्थित हो सकेगी। एक साथ राशन मिलने से परिवहन और वितरण में भी आसानी होगी।
इसके अलावा, जिन राशन कार्डधारकों ने मार्च महीने का राशन अभी तक नहीं लिया है, उन्हें भी एक और मौका दिया गया है। ऐसे उपभोक्ता 15 अप्रैल तक अपना लंबित राशन प्राप्त कर सकते हैं।

