हल्द्वानी। हल्द्वानी-चोरगलिया मुख्य राज्य मार्ग पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया।
तेज रफ्तार कार और कैंटर की आमने-सामने की टक्कर में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की स्थिति को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि वाहन तेज गति से चल रहा था। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिसके चलते कार विपरीत दिशा से जाकर कैंटर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सड़क किनारे जंगल में पेड़ से जा टकराई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता भुवन पोखरिया ने मानवता का परिचय देते हुए बिना देर किए दोनों घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला।
उन्होंने तत्काल एक निजी वाहन की व्यवस्था कर दोनों घायलों को उपचार के लिए हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों ने भुवन पोखरिया की तत्परता और मानवीय सेवा की सराहना करते हुए कहा कि समय पर मिली मदद से घायलों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।
इस अवसर पर भुवन पोखरिया ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सड़क पर हमेशा निर्धारित गति सीमा का पालन करें।
विशेषकर जंगल और सुनसान मार्गों पर तेज रफ्तार से वाहन चलाना जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि “जीवन अनमोल है, सुरक्षित सफर करें और यातायात नियमों का पालन करें।”
उन्होंने दोनों घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। हादसे के संबंध में पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


