पुलिस को चुनौती देकर फंसी ‘लुटेरी दुल्हन’, हनीमून के दौरान हुई गिरफ्तार
‘पकड़ी नहीं जा सकती’ कहने वाली लुटेरी दुल्हन हरिद्वार से गिरफ्तार
इंस्टाग्राम पर पुलिस को चुनौती देना पड़ा भारी, पेटीएम कर्मचारी लूटकांड की फरार आरोपी ज्योति हरिद्वार से गिरफ्तार
हरिद्वार। मेरठ के सरधना क्षेत्र में पेटीएम कंपनी के टीम लीडर से हुई लूट के मामले में फरार चल रही महिला आरोपी ज्योति चौधरी को पुलिस ने शनिवार सुबह हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पुलिस को चुनौती दे रही थी, लेकिन इंस्टाग्राम पर उसकी लगातार सक्रियता ही उसकी गिरफ्तारी का कारण बन गई।
पुलिस के अनुसार, 12 जून की रात मुजफ्फरनगर निवासी आकाश शर्मा, जो पेटीएम कंपनी में बड़ौत जोन के टीम लीडर हैं, बाइक से घर लौट रहे थे। सरधना-पाली कांवड़ पटरी मार्ग पर पाली रजवाहा पुल के पास दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोककर मारपीट की और उनकी बाइक व मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात में एक युवती भी शामिल थी।
जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि गांव छिछाई थाना किठौर निवासी ज्योति चौधरी फरार चल रही थी। इसी बीच उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह फिल्मी अंदाज में कहती नजर आई, “शाका मारा जा सकता है, लेकिन पकड़ा नहीं जा सकता।”
पुलिस ने उसकी इंस्टाग्राम गतिविधियों और लोकेशन पर नजर रखी। पता चला कि 23 जून को मोहित नागर से शादी करने के बाद वह पति के साथ हरिद्वार घूमने गई थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने हरिद्वार में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि ज्योति की पहले बुलंदशहर के ककोड़ क्षेत्र के सलेमपुर जाट निवासी सुनील उर्फ नीतू से शादी हो चुकी थी। वह रागनी कार्यक्रमों में डांस करती थी। पुलिस का कहना है कि महंगे शौक पूरे करने के लिए वह पति मोहित नागर के साथ लूट और चोरी की घटनाओं में शामिल हो गई थी।
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी का चालान कर न्यायालय में पेश कर दिया। मामले में आगे की जांच जारी है।


