खिलाड़ियों के लिए शौचालय और चेंजिंग रूम में जड़े ताले… दर दर भटके खिलाड़ी…
सुब्रतो कप के खिलाड़ियों को नहीं मिली बुनियादी सुविधा, DSA में शौचालय और चेंजिंग रूम रहे बंद
खिलाड़ियों को खुले में कपड़े बदलने पड़े, DSA की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
सरकारी धन से बनी सुविधाओं पर ताले, खिलाड़ियों को करना पड़ा परेशानी का सामना
नैनीताल। नैनीताल के डीएसए फ्लैट्स मैदान में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-14 एवं अंडर-17 सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधाओं के अभाव का सामना करना पड़ा। आरोप है कि डीएसए प्रबंधन ने खिलाड़ियों के लिए बने शौचालय और चेंजिंग रूम पर ताले लगा दिए, जिससे विशेषकर महिला खिलाड़ियों को भारी असुविधा हुई और उन्हें खुले में कपड़े बदलने तक की नौबत आ गई।
जानकारी के अनुसार, शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता की मेजबानी नैनीताल के एक विद्यालय को मिली थी। इसी प्रतियोगिता के आधार पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन होना था। उद्घाटन समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल भी मौजूद रहीं और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के दौरान शौचालय और चेंजिंग रूम बंद होने की शिकायत प्रशासन तक पहुंची। इसके बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के हस्तक्षेप और निर्देश पर ताले खुलवाए गए, जिससे खिलाड़ियों को राहत मिली।
घटना के बाद डीएसए प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। खिलाड़ियों और अभिभावकों का कहना है कि जब सरकार खेलों को बढ़ावा देने और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कर रही है, तब खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधाओं से वंचित करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
हालांकि, इस मामले में डीएसए प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि उनका पक्ष प्राप्त होता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।


