ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां नगर के पास स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षिका ने ग्राम प्रधान के पति पर उत्पीड़न, छेड़छाड़ और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, शिक्षिका की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता का आरोप है कि बीते वर्ष 3 दिसंबर को क्षेत्र निवासी जीवन सिंह नेगी जबरन स्कूल परिसर में घुस आया और बच्चों को कक्षा से बाहर भेजकर उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। शिक्षिका ने किसी तरह उसे बाहर निकालकर उच्चाधिकारियों को घटना की सूचना दी।

शिक्षिका का कहना है कि इसके बाद भी आरोपी नहीं माना और 8 दिसंबर को फिर स्कूल पहुंच गया। इस दौरान उसने कक्षा में घुसकर शिक्षिका का हाथ मरोड़ा और गाली-गलौज की। आरोप है कि वह लगातार स्कूल में आकर शिक्षिका और बच्चों को धमकाता रहा।

पीड़िता के अनुसार, 13 फरवरी को मामला और गंभीर हो गया, जब आरोपी दोबारा स्कूल में घुस आया और गलत नीयत से उसे पकड़कर छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर उसने शिक्षिका के साथ-साथ बच्चों से भी मारपीट की, जिससे स्कूल में हड़कंप मच गया।

मामले में हेम चंद्र पंत ने बताया कि शिक्षिका की शिकायत पर खुपताला निवासी जीवन सिंह नेगी के खिलाफ बीएनएस की धारा 74 और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 9 अगस्त 2026

You missed

error: Content is protected !!