ब्रेकिंग न्यूज़
हल्द्वानी : एसएसपी कार्यालय में कांग्रेस नेताओं के हंगामे के विरोध में भाजपा ने फूंका कांग्रेस का पुतला, जिलाध्यक्ष बोले- लोकतांत्रिक मर्यादाओं का हुआ उल्लंघन78वीं एच.एन. पांडे मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट: लेक्स इंटरनेशनल भीमताल ने पी.पी.जे. सरस्वती विहार को पेनल्टी शूटआउट में हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगहग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी भीमताल परिसर में ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान के तहत एंटी-ड्रग शपथकॉर्बेट की 90 साल पुरानी विरासत से रूबरू हुए विभिन्न राज्यों के प्रशिक्षु रेंजर्स, स्थानीय उत्पादों को भी दिया बढ़ावाएमबीपीजी कॉलेज में कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का शुभारंभ, एआई टूल्स के व्यावहारिक उपयोग का दिया प्रशिक्षण
खबर शेयर करे -

रोमांचक मुकाबला 1-1 की बराबरी पर छूटा, पेनल्टी शूटआउट में लेक्स इंटरनेशनल ने 4-2 से दर्ज की जीत

नैनीताल। सी.आर.एस.टी. ओल्ड बॉयज एसोसिएशन, नैनीताल के तत्वावधान एवं नैनीताल बैंक के प्रायोजन में आयोजित 78वीं एच.एन. पांडे मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट में शनिवार को पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। फ्लैट्स मैदान में खेले गए मुकाबले में लेक्स इंटरनेशनल स्कूल भीमताल ने पी.पी.जे. सरस्वती विहार नैनीताल को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने आक्रामक फुटबॉल का प्रदर्शन किया। दोनों ओर से गोल करने के लिए लगातार हमले किए गए, जिसके चलते पूरे मुकाबले के दौरान मैदान पर जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने मैदान में मौजूद दर्शकों को भी रोमांचित किया।

पहले हाफ में लेक्स इंटरनेशनल स्कूल भीमताल ने बेहतरीन तालमेल के साथ खेलते हुए बढ़त हासिल कर ली। टीम की ओर से सार्थक पांडे ने गोल कर अपनी टीम को मध्यांतर तक 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद पी.पी.जे. सरस्वती विहार नैनीताल के खिलाड़ियों ने दूसरे हाफ में आक्रामक रुख अपनाया और लगातार लेक्स इंटरनेशनल के गोलपोस्ट पर दबाव बनाया।

मध्यांतर के बाद पी.पी.जे. सरस्वती विहार की मेहनत रंग लाई और अविक ने गोल कर अपनी टीम को मुकाबले में बराबरी पर ला दिया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं। इसके बाद मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूटआउट के जरिए किया गया।

पेनल्टी शूटआउट में लेक्स इंटरनेशनल स्कूल भीमताल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-2 से जीत दर्ज की। लेक्स इंटरनेशनल की ओर से प्रिंस थापा, अरहम, दक्ष और रिदम गुरुंग ने पेनल्टी को गोल में तब्दील किया। वहीं पी.पी.जे. सरस्वती विहार नैनीताल की ओर से अविक और उत्कर्ष ही पेनल्टी शूटआउट में गोल कर सके।

इस जीत के साथ ही लेक्स इंटरनेशनल स्कूल भीमताल ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। पूरे मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों के उत्साह और शानदार खेल के साथ दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

मुकाबले में रेफरी की भूमिका प्रेम बिष्ट, शिखर साह एवं नकुल सिंह बिष्ट ने निभाई। आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए आगामी मुकाबलों के लिए टीमों को शुभकामनाएं दीं।

कल होगा दूसरा क्वार्टर फाइनल

प्रतियोगिता के तहत रविवार को दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इसमें लोंग व्यू पब्लिक स्कूल नैनीताल और बिड़ला विद्या मंदिर नैनीताल की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के बीच होने वाले इस मुकाबले को लेकर फुटबॉल प्रेमियों में खासा उत्साह है।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल के डीएसबी कॉलेज के समीप लंघम बस्ती में लगी भीषण आग, वीडियो...

You missed

error: Content is protected !!